राज्यपाल ने लोकभवन में की पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा, दुधारू पशु योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
26 नवंबर 2026, भोपाल: राज्यपाल ने लोकभवन में की पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा, दुधारू पशु योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग के दिए निर्देश – मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना जनजातीय समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण पर आधारित महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य जनजातीय परिवारों को आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि दुधारू पशु योजना की सतत और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। मैदानी अमले को सक्रिय रखें और उनसे पशुपालकों का फीडबैक लें। योजना के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य किया जाए।
राज्यपाल पटेल बुधवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जनजातीय प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री दीपक खांडेकर और पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव डॉ. सुदामा खाड़े भी मौजूद थे।
शिकायतों पर करें तत्काल कार्रवाई
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के हितग्राहियों को समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्हें पशुधन के पालन-पोषण, स्वास्थ्य, दूध बिक्री सहित सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएं। पशुपालकों से सतत संवाद बनाए रखें और उन्हें पशुपालन के महत्व से अवगत कराएं। उनकी कठिनाइयों को समझकर उनका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना की प्रगति और परिणामों को बाधित करने वाली मैदानी शिकायतों या गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनजातीय पशुपालकों को प्रेरक अनुभवों के लिए कराएं भ्रमण
राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के अंतर्गत चिन्हित जनजातीय पशुपालकों को अन्य जिलों और राज्यों का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे उन्नत पशुपालकों के सफल अनुभवों से सीख सकें। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में मिल्क रूट के व्यवस्थीकरण और दुग्ध संघों को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। इन क्षेत्रों में दुग्ध संकलन और बिक्री के लिए सहकारिता को समुचित बढ़ावा देने के सभी जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए।
राज्यपाल पटेल ने योजना के क्रियान्वयन में अब तक प्राप्त अनुभवों से सीख लेकर आवश्यक संवर्धन और परिवर्धन करने के निर्देश भी दिए।
विभागीय योजनाओं की प्रगति से कराया अवगत
बैठक में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव डॉ. सुदामा खाड़े ने राज्यपाल को मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना की वर्ष 2024-25 और 2025-26 की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने योजना के अंतर्गत बीमा कंपनी को भेजे गए प्रकरणों, प्रदाय किए गए पशुओं की स्वास्थ्य मॉनिटरिंग, पीएम जन-मन योजना, वनाधिकार पट्टाधारकों को विभागीय योजनाओं का लाभ और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में चयनित ग्रामों में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. खाड़े ने विभाग द्वारा योजना की सफलता, नवाचार और उससे आए सकारात्मक परिवर्तनों से भी राज्यपाल को अवगत कराया। बैठक में राज्यपाल के उप सचिव सुनील दुबे, जनजातीय प्रकोष्ठ की सचिव श्रीमती मीनाक्षी सिंह तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


