छिंदवाड़ा : चारगांव कर्बल में कृषक संगोष्ठी आयोजित
25 नवंबर 2026, छिन्दवाड़ा ( कृषक जगत ): छिंदवाड़ा : चारगांव कर्बल में कृषक संगोष्ठी आयोजित – कृषि विभाग, आत्मा परियोजना, पशुपालन विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत गत दिवस जिले के विकासखंड मोहखेड़ के ग्राम चारगांव कर्बल में विकासखंड स्तरीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में किसानों को बदलते कृषि परिदृश्य के अनुरूप फसल विविधीकरण अपनाने तथा मिट्टी की उर्वरता एवं कृषि संसाधनों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एच.जी.एस.पक्षवार, परियोजना संचालक आत्मा श्री धीरज ठाकुर तथा कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आर.के. झाड़े एवं डॉ. चंचल भार्गव ने किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों, फसल विविधीकरण एवं प्राकृतिक खेती के संबंध में तकनीकी जानकारी प्रदान की।
फसल विविधीकरण से कम होगा खेती का जोखिम – कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय क्षेत्र की जलवायु, मिट्टी, उपलब्ध सिंचाई संसाधनों एवं बाजार की मांग के अनुसार दलहन, तिलहन तथा अन्य लाभकारी फसलों को फसल चक्र में शामिल करना आवश्यक है। इससे खेती में जोखिम कम करने, मिट्टी की सेहत सुधारने, जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा किसानों की आय बढ़ाने के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलती है। किसानों को कम पानी में तैयार होने वाली फसलों एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल फसल पद्धतियां अपनाने की सलाह दी गई।
नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता को होता है नुकसान – खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत नरवाई प्रबंधन एवं मृदा संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को बताया गया कि फसल कटाई के बाद खेत में बची नरवाई जलाने से मिट्टी के उपयोगी सूक्ष्मजीवों, जैविक पदार्थ एवं पोषक तत्वों को नुकसान पहुंचता है। इससे पर्यावरण प्रदूषण एवं आगजनी का खतरा भी बढ़ता है। नरवाई जलाने के बजाय सुपर सीडर, हैप्पी सीडर एवं अन्य कृषि यंत्रों की सहायता से खेत में ही उसका उचित प्रबंधन कर मिट्टी में जैविक पदार्थ की मात्रा बढ़ाई जा सकती है। इससे मिट्टी की संरचना, नमी धारण क्षमता एवं दीर्घकालीन उर्वरता बनाए रखने में सहायता मिलती है।
पशुधन आधारित खेती से घटेगी लागत, बढ़ेगी किसानों की आय – संगोष्ठी में कृषि व्यवस्था में पशुओं के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि पशु भारतीय कृषि व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। बैलों का उपयोग जुताई, बुवाई, निराई-गुड़ाई एवं कृषि उत्पादों के परिवहन में किया जाता है। पशुओं से प्राप्त गोबर से जैविक खाद एवं वर्मी कम्पोस्ट तथा गोमूत्र से जीवामृत एवं अन्य प्राकृतिक कृषि आदान तैयार किए जा सकते हैं। गोबर से बायोगैस बनाकर ऊर्जा की आवश्यकता भी पूरी की जा सकती है। कृषि अवशेषों का उपयोग पशुओं के चारे के रूप में करने से संसाधनों का बेहतर उपयोग होता है। पशुपालन से दूध, गोबर एवं अन्य उत्पादों के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती है। कृषि एवं पशुपालन का एकीकरण रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने, मृदा स्वास्थ्य सुधारने, खेती की लागत घटाने तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में सहायक है। इस प्रकार पशुधन आधारित एकीकृत कृषि प्रणाली किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।
प्राकृतिक खेती एवं संतुलित उर्वरक उपयोग की दी जानकारी – किसानों को प्राकृतिक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग एवं मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी गई। उन्हें रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग से बचने तथा मृदा परीक्षण के आधार पर पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि खेती की लागत कम कर उत्पादन एवं लाभ बढ़ाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में किसानों से अपील की गई कि वे फसल विविधीकरण अपनाकर खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएं तथा नरवाई नहीं जलाने का संकल्प लेकर खेत की मिट्टी, पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखें। टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए उपजाऊ खेत और लाभकारी खेती सुनिश्चित की जा सकती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री निरंजन पाटिल, विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र बघेल, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर श्रीमती प्रिया कराड़े, कृषि विभाग का मैदानी अमला, एडीओ श्रीमती शारदा उइके, एईओ कु. भाग्यश्री कड़वे एवं श्री पंकज पराड़कर उपस्थित थे। संगोष्ठी में प्रगतिशील कृषक श्री रघुवर भादे, श्री राजेंद्र धारे, श्री राजेश धारे, श्री नारायण डोगरे एवं श्री जितेंद्र राऊत सहित कृषि सखियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की ।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


