Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों को कड़कड़ाती ठंड पड़ने का इंतज़ार

14 दिसम्बर 2020, देपालपुर। किसानों को कड़कड़ाती ठंड पड़ने का इंतज़ार – देपालपुर तहसील में अब तक लगभग 90% कृषि भूमि में गेहूं की फसल की बुवाई हो चुकी है। वैसे रबी सीजन में गेहूं की बोवनी का समय 25 दिसंबर तक रहता है l कई स्थानों पर गेहूंं की फसल लगभग दो माह की हो चुकी है और किसान दूसरा पानी देने लगे हैं। वहीं अब किसान तेज़ और कड़कड़ाती ठंड पड़ने का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि गेहूं को ठंडे मौसम की ज़रूरत रहती है।

बार-बार बदल रहा मौसम : पिछले वर्ष की तरह इस बार भी मौसम की बेरुखी सामने आ रही है और ठंड का तेज असर नहीं देखा जा रहा है। बीते चार-पांच दिनों से हर दिन मौसम का रूख बदल रहा है और दोपहर में तेज धूप लोगों को बैचेन कर रही है l हालाँकि पिछले सप्ताह सर्द हवाओं के कारण करीब तीन-चार दिनों तक तेज ठंड का असर रहा था। किसानों को उम्मीद है कि जल्द मौसम रुख बदलेगा l किसान श्री पवन पटेल, गिरोता के श्री जसवंत सिंह आंजना, जलोदियापंथ के श्री भारत परिहार आदि का कहना है कि गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए ठंडा मौसम रहना जरूरी है। लेकिन अभी तक इस वर्ष गेहूं की फसल के अनुरूप ठंड नहीं पड़ रही है।

उधर , उप संचालक कृषि इंदौर श्री विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि फिलहाल गेहूं की फसल बेहतर स्थिति में है। लेकिन गेहूं की फसल की बढ़त के लिए नमी की अधिक आवश्यकता होती है। इस लिहाज से सर्दी का असर अभी कम है। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार देपालपुर तहसील में लगभग 66875 हेक्टयर में गेहूं की बुवाई की जा चुकी है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile