भावांतर योजना के तहत सोयाबीन खरीदी आज 24 अक्टूबर से शुरू होगी
इंदौर संभाग के खरीदी केन्द्रों में सभी तैयारियां पूर्ण
24 अक्टूबर 2025, इंदौर: भावांतर योजना के तहत सोयाबीन खरीदी आज 24 अक्टूबर से शुरू होगी – मध्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन की खरीदी आज 24 अक्टूबर, 2025 से प्रारंभ होगी। किसान अपने नजदीकी मंडी/उप मंडी में जाकर फसल विक्रय कर सकेंगे। इंदौर संभाग के सभी खरीदी केंद्रों में सोयाबीन खरीदी को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। किसानों को भावांतर का पंजीयन क्रमांक रसीद और अपना आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य है। खरीदी केन्द्रों पर सोयाबीन खरीदी का कार्य 24 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2026 तक चलेगा। सोयाबीन के लिए एमएसपी प्रति क्विंटल 5328 रुपए घोषित की गई है। योजना के तहत सोयाबीन उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और बाजार भाव के बीच का अंतर सरकार द्वारा दिया जाएगा। फसल बिक्री के 15 दिन के भीतर भाव में अंतर की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में अंतरित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत सभी किसानों को पारदर्शी और त्वरित भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
इंदौर संभाग की सभी मंडियों और उप मंडियों में तकनीकी एवं मानव संसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मंडी स्तरीय कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रवेश गेट और प्रांगण में सीसीटीवी मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक खरीदी केन्द्रों में हेल्प डेक्स भी बनाये गये हैं।
भावांतर योजना के तहत इस वर्ष किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपने रकबे का पंजीयन कराया है। इंदौर संभाग के आठों जिलों में कुल 432 पंजीयन केंद्रों पर 1,45,188 किसानों ने सोयाबीन भावांतर योजना में अपना पंजीयन कराया है, जिसमें अकेले इंदौर में ही 46,061 किसानों ने पंजीयन कराया है। वहीं इंदौर संभाग के धार जिले में 37,940 किसानों ने पंजीयन कराया है। इसी तरह खण्डवा जिले में 20,001 किसानों ने, बड़वानी जिले में 13,455, खरगोन जिले में 13,364, झाबुआ जिले में 10,478, बुरहानपुर जिले में 2,534 तथा आलीराजपुर जिले में 1,355 किसानों ने पंजीयन करवाया है। किसानों को भावांतर राशि का भुगतान सीधे पंजीकृत बैंक खाते में किया जायेगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


