Ad DesktopAd TabletAd Mobile
एग्रीकल्चर मशीन (Agriculture Machinery)राज्य कृषि समाचार (State News)

हैप्पी सीडर ओर जीरो टिलेज तकनीक से जलवायु अनुकूल कृषि की बुआई शुरू

09 नवंबर 2024, छिंदवाड़ा: हैप्पी सीडर ओर जीरो टिलेज तकनीक से जलवायु अनुकूल कृषि की बुआई शुरू – जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के कारण किसान अपनी पारंपरिक खेती के तरीकों से परेशान हो रहे हैं। इस चुनौती का समाधान खोजने के  लिए बोरलॉग  इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया और स्थानीय कृषि विभाग ने मिलकर किसानों को नई और प्रभावी तकनीकों के माध्यम से कृषि सुधार का अवसर प्रदान किया है। छिंदवाड़ा जिले के ग्राम पालाखेड और चारगांव करबल में हैप्पी सीडर और जीरो टिलेज तकनीक का उपयोग करके गेहूं की बुवाई के एक अभिनव कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

किसान की जुबानी – इस पहल में शामिल किसान श्री संजू माटे ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण पिछले कुछ वर्षों में मौसम की अनियमितताओं के चलते उनकी फसलों को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा, “जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को समझते हुए, मैंने अपनी खेती के तरीकों को बदलने का निर्णय लिया। अब मैं जलवायु-सहनीय खेती को अपनाकर अपनी फसलों की सुरक्षा कर रहा हूं।”  श्री माटे ने बताया कि हैप्पी सीडर और जीरो टिलेज जैसी तकनीकों के कारण उनकी खेती की लागत में कमी आई है और प्रक्षेत्र प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो रहा है। इसके साथ ही, ये तकनीकें बाढ़ और सूखा जैसी प्राकृतिक चुनौतियों से निपटने में भी मददगार साबित हो रही हैं।

बोरलॉग इंस्टीट्यूट की भूमिका – इस पहल में बोरलॉग इंस्टीट्यूट ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके विशेषज्ञों  डॉ. पंकज कुमार एवं श्री  दीपेंद्र सिंह ने किसानों को नई तकनीकों के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी  के साथ इस तकनीक को अपनाने के लिए प्रशिक्षण भी दिया। हैप्पी सीडर और जीरो टिल तकनीकों से न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि पानी का संरक्षण भी होता है, जिससे फसलों की पैदावार में सुधार होता है। बोरलॉग  इंस्टीट्यूट के प्रयासों से किसानों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए नई उम्मीदें मिली हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

नवीन फसल किस्मों की बुवाई –  किसानों को जलवायु परिवर्तन के अनुकूल और उच्च पैदावार देने वाली गेहूं की किस्में Hi 1636, Hi 1634, DBW-303, DBW-187, और GW-451 प्रदान की जा रही है। इन किस्मों का विकास सूखा, बाढ़ और अन्य जलवायु संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए किया गया है। इन किस्मों से किसानों को न केवल बेहतर उत्पादन मिल सकता है, बल्कि इससे कृषि क्षेत्र में स्थिरता भी आ सकती है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

किसानों का उत्साह और भविष्य की संभावनाएं –  श्री माटे जैसे किसान इन नई तकनीकों और फसल किस्मों से उत्साहित हैं। उन्हें उम्मीद है कि इन बदलावों से उनकी फसलें बेहतर होंगी और वे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का सामना करने में सक्षम होंगे। इस पहल की सफलता से अन्य क्षेत्रों में भी जलवायु-सहनीय कृषि तकनीकों को अपनाने की संभावना बन सकती है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि  के साथ लागत  में  कमी और फसल अवशेष प्रबंधन एंव  पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल सकती है।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com