सीधी: कृषि विज्ञान केन्द्र ने कृषकों को जारी की एडवाइजरी
27 मई 2026, सीधी: सीधी: कृषि विज्ञान केन्द्र ने कृषकों को जारी की एडवाइजरी – कृषि विज्ञान केन्द्र, सीधी के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शैलेन्द्र सिंह गौतम ने जिले के कृषकों के लिए कृषि मौसम आधारित महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। उन्होंने बताया कि मई के अंतिम सप्ताह तक जिले में तीव्र उष्ण लहर (हीट वेव) की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान अत्यधिक उच्च रहने, गर्म एवं शुष्क हवाएं चलने तथा मनुष्यों एवं पशुओं में निर्जलीकरण, गर्मी से थकावट एवं हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ने की आशंका है।
कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा कृषकों को सलाह दी गई है कि खेतों में कार्य करते समय अपने साथ पर्याप्त मात्रा में पेयजल रखें तथा समय-समय पर विश्राम अवश्य करें। पशुओं एवं पोल्ट्री के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। अधिक गर्मी के दौरान दुधारू पशुओं को घर के अंदर या छायादार स्थान पर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराएं। बछड़ों का नियमित कृमिनाशन कराने की भी सलाह दी गई है। सब्जी एवं फल फसलों में मृदा नमी संरक्षण तथा मिट्टी के तापमान को कम करने के लिए मल्चिंग तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है। साथ ही दोपहर के समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अत्यधिक गर्मी के दौरान उर्वरक एवं कीटनाशकों का प्रयोग नहीं करने को कहा गया है।
कृषकों को मृदा परीक्षण के लिए खेत के 10 से 15 स्थानों से जिक जैक विधि से लगभग 15 सेंटीमीटर गहराई तक टी-आकार का गड्ढा खोदकर मिट्टी का नमूना एकत्र करने की सलाह दी गई है, ताकि मृदा की गुणवत्ता के अनुसार फसल प्रबंधन किया जा सके।आम के नए बाग लगाने की योजना बना रहे कृषकों को गड्ढों की खुदाई कर मिट्टी को सौर्यीकरण के लिए खुला छोड़ने की सलाह दी गई है, जिससे रोग एवं कीट नियंत्रण में मदद मिल सके। कृषि विज्ञान केन्द्र ने कृषकों से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें और वैज्ञानिक सलाह के अनुसार कृषि एवं पशुपालन संबंधी कार्य करें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

