श्योपुर: खाद दुकानों के निरीक्षण में मिली अनियमितता, सचदेवा ट्रेडिंग कंपनी को किया सील
23 नवंबर 2026, श्योपुर: श्योपुर: खाद दुकानों के निरीक्षण में मिली अनियमितता, सचदेवा ट्रेडिंग कंपनी को किया सील – मध्यप्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के दिशा-निर्देशों और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में श्योपुर जिले में खाद विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड कराहल में कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने तीन खाद दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सचदेवा ट्रेडिंग कंपनी में अनियमितताएं मिलने पर उसे तत्काल सील करने की कार्रवाई की गई।
स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक नहीं मिलने पर दुकान सील
संयुक्त टीम ने मैसर्स जय दुर्गे खाद भंडार कराहल, राठौर कृषि सेवा केंद्र कराहल और सचदेवा ट्रेडिंग कंपनी कराहल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचदेवा ट्रेडिंग कंपनी के पास स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक वैध नहीं पाए गए। इसके अलावा दुकान में पेस्टीसाइड के साथ पशुआहार भी एक ही स्थान पर रखा मिला। उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन पाए जाने पर सचदेवा ट्रेडिंग कंपनी को तत्काल सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कराहल संजु शाक्य, कृषि विकास अधिकारी राधेश्याम धुर्वे, कृषि विस्तार अधिकारी सचिन विरला एवं कैलाश जाटव, पटवारी दीपेन्द्र जादौन और पुलिस बल मौजूद रहा।
खाद विक्रय केंद्रों और डबल लॉक केंद्र का भी किया निरीक्षण
इसी तरह उप संचालक कृषि आर.के. सिंह और संबंधित उर्वरक निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने मैसर्स राम खादबीज भंडार श्योपुर, अभिषेक कृषि सेवा केंद्र प्रेमसर, मीणा कृषि सेवा केंद्र प्रेमसर और कृषि उपज मंडी स्थित डबल लॉक केंद्र (नगद विक्रय केंद्र) श्योपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने खाद की उपलब्धता, भंडारित स्टॉक और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही केंद्रों पर मौजूद किसानों से ई-टोकन प्रणाली के संबंध में चर्चा की।
किसानों को बताया गया कि वे अपनी जरूरत के अनुसार ई-टोकन बुक कर खाद प्राप्त कर सकते हैं। किसानों ने ई-विकास प्रणाली को सुविधाजनक बताते हुए कहा कि अब उन्हें खाद के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ता। वे घर बैठे ई-टोकन बुक कर अपनी पसंद की दुकान और समय पर खाद ले सकते हैं। अधिकारियों ने खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित दरों पर समय से और सुचारू रूप से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा पराली प्रबंधन के तहत मेला ग्राउंड बड़ौदा, जिला श्योपुर में बनाए गए निर्धारित डंपिंग यार्ड का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
45,028 किसानों को ई-टोकन से मिला खाद
उप संचालक कृषि ने जानकारी दी कि जिले के सहकारी और निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों पर कुल 15,155 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। इसमें यूरिया 5,705 मीट्रिक टन, डीएपी 1,431 मीट्रिक टन, एसएसपी एवं टीएसपी 2,588 मीट्रिक टन, एमओपी 90 मीट्रिक टन और एनपीके 5,341 मीट्रिक टन शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले में 1 अक्टूबर 2026 से अब तक ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से 45,028 किसानों को कुल 19,511 मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है।
इसमें यूरिया 11,196 मीट्रिक टन, डीएपी 5,974 मीट्रिक टन, एसएसपी एवं टीएसपी 1,213 मीट्रिक टन, एमओपी 17 मीट्रिक टन और एनपीके 1,141 मीट्रिक टन शामिल है। इसके अतिरिक्त, अभी तक बिना एग्री स्टैक वाले 3,237 किसानों को 5,927 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया है।
उप संचालक कृषि आर.के. सिंह ने बताया कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ई-टोकन के माध्यम से खाद प्राप्त करें। साथ ही पराली प्रबंधन में सहयोग करने और फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने की अपील की, ताकि मिट्टी की उर्वरता बनी रहे और भूमि को बंजर होने से बचाया जा सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


