पराली से बंजर जमीन को हिमाचल के किसानों ने बनाया ‘सोना’, बिना सिंचाई और जुताई के उगा रहे आलू; मिलेगा डबल मुनाफा
23 नवंबर 2026, भोपाल: पराली से बंजर जमीन को हिमाचल के किसानों ने बनाया ‘सोना’, बिना सिंचाई और जुताई के उगा रहे आलू; मिलेगा डबल मुनाफा – हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में किसान धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली का इस्तेमाल कर आलू की खेती कर रहे हैं। इसके लिए वे शून्य जुताई तकनीक अपना रहे हैं, जिसमें खेत की जुताई और सिंचाई किए बिना ही आलू की बुवाई की जाती है। इस पद्धति में धान की कटाई के बाद खेत में मौजूद नमी का उपयोग किया जाता है और पराली को मिट्टी के ऊपर बिछाकर मल्च के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इससे कम लागत में दूसरी फसल लेने का विकल्प मिल रहा है।
कृषि अनुसंधान उपकेंद्र अखरोट की ओर से इस तकनीक को किसानों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नंदपुर में किसान रंजना देवी के खेत में शून्य जुताई विधि से आलू की बुवाई सफलतापूर्वक की गई है।
पराली का मल्च के रूप में हो रहा इस्तेमाल
इस तकनीक की खासियत यह है कि धान की कटाई के बाद खेत की दोबारा जुताई करने की जरूरत नहीं पड़ती। खेत में पहले से मौजूद नमी का उपयोग करके आलू की बुवाई की जाती है। इसके बाद धान की बची हुई पराली को खेत में बिछाकर फसल को ढक दिया जाता है। पराली की यह परत मल्च का काम करती है और मिट्टी की नमी को बनाए रखने में मदद करती है। इससे धान के अवशेषों का भी उपयोग हो जाता है।
प्रशिक्षण लेकर किसान ने शुरू किया प्रयोग
किसान रंजना देवी ने बताया कि उन्होंने कृषि अनुसंधान उपकेंद्र अखरोट से शून्य जुताई विधि से आलू उत्पादन का प्रशिक्षण लिया था। इसके साथ ही उन्होंने अनुसंधान केंद्र के रिसर्च फार्म का दौरा कर इस तकनीक को समझा। इसके बाद इस वर्ष उन्होंने अपने खेत में इस पद्धति से आलू की बुवाई की है। रंजना देवी अब दूसरे किसानों के खेतों में भी इस विधि से आलू की बुवाई करवा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस तकनीक को अपनाकर इसका लाभ ले सकें।
जुताई और सिंचाई का खर्च होगा कम
शून्य जुताई विधि का सबसे बड़ा फायदा यह है कि धान की कटाई के बाद खेत को अगली फसल की बुवाई तक खाली रखने की जरूरत नहीं पड़ती। किसान खेत में मौजूद नमी का इस्तेमाल कर आलू की फसल ले सकते हैं। इससे जुताई और सिंचाई पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलती है। इसके अलावा पराली को खेत में ही मल्च के रूप में इस्तेमाल करने से उसे जलाने या निपटाने की समस्या से भी राहत मिल सकती है। यह तकनीक मिट्टी की संरचना और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक है।
किसानों को नई तकनीक अपनाने के लिए किया जा रहा प्रेरित
कृषि अनुसंधान उपकेंद्र अखरोट की ओर से किसानों के खेतों में इस तकनीक का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके जरिए किसानों को कम लागत वाली, जल संरक्षण आधारित और जलवायु के अनुकूल खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। यदि इस विधि के परिणाम बेहतर रहते हैं तो धान की कटाई के बाद आलू की खेती किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का माध्यम बन सकती है। साथ ही खेती में पानी और संसाधनों की बचत करने में भी मदद मिल सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


