राज्य कृषि समाचार (State News)

सिवनी: ‘सीताफल’ से समृद्धि ‘अभियान से किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

06 सितंबर 2026, सिवनीसिवनी: ‘सीताफल’ से समृद्धि ‘अभियान से किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार – कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी-वासेवार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा “सीताफल से समृद्धि” अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के माध्यम से जिले में उत्पादित सीताफल के उत्पादन, उत्पादकता, विपणन एवं खाद्य प्रसंस्करण व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए सीताफल एवं सीताफल आधारित उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में चरणबद्ध कार्य किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए उन्हें पूरी वैल्यू चेन से जोड़ना है। इसके अंतर्गत बेहतर गुणवत्ता, संग्रहण, पैकेजिंग, प्रसंस्करण, मार्केटिंग एवं निर्यात की संभावनाओं को विकसित किया जाएगा। इससे किसानों को स्थानीय बाजार पर निर्भर रहने के बजाय बड़े बाजारों तक अपनी उपज पहुंचाने तथा बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। अभियान के प्रथम चरण में जिले के समस्त ग्रामों में सीताफल पौधों की गणना एवं सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। किसानों की निजी भूमि में बाड़ियों, खेतों एवं मेड़ों पर लगे पौधों के साथ-साथ राजस्व भूमि, सड़क किनारे तथा वन भूमि में उपलब्ध सीताफल पौधों की गणना भी पृथक-पृथक की जा रही है। अब तक जिले के सभी विकास खंडों के विभिन्न ग्रामों में लगभग 70 हजार सीताफल पौधों की गणना की जा चुकी है। पौधगणना कार्य निरंतर जारी है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अधिकारी समय-समय पर गणना कार्य का निरीक्षण कर टीमों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जिले के ग्रामवासियों से अपील की है कि पौधगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अपनी एवं आसपास की भूमि पर लगे सीताफल पौधों की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जिले में उपलब्ध सभी सीताफल पौधों को गणना में शामिल किया जा सके। सटीक पौधा गणना से सीताफल उत्पादन की व्यापक कार्य योजना तैयार करने में सहायता मिलेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture