सतना: पराली जलाने पर 9 किसानों पर 22,500 रुपये का जुर्माना, 3 को नोटिस जारी
16 नवंबर 2026, सतना: सतना: पराली जलाने पर 9 किसानों पर 22,500 रुपये का जुर्माना, 3 को नोटिस जारी – मध्यप्रदेश के सतना जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। धान की कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने के 12 मामले प्रमाणित होने पर 9 किसानों पर कुल 22,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि 3 किसानों को नोटिस जारी किए गए हैं। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे फसल कटाई के बाद पराली न जलाएं और इसके उचित प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों का उपयोग करें।
पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण को नुकसान
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास आशीष पाण्डेय ने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता, कृषि उत्पादन और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। एक टन धान के भूसे में लगभग 5.5 किलोग्राम नाइट्रोजन, 2.3 किलोग्राम फास्फोरस, 25 किलोग्राम पोटेशियम, 1.2 किलोग्राम सल्फर और 400 किलोग्राम कार्बन पाया जाता है। पराली जलाने से ये सभी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा, एक टन पराली जलाने से हानिकारक गैसों और प्रदूषक तत्वों का उत्सर्जन होता है, जिसका मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इसलिए किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की सलाह दी गई है।
9 किसानों पर जुर्माना, 3 को नोटिस
पराली जलाने पर प्रतिबंध और पर्यावरण संरक्षण के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश लागू हैं। इनका उल्लंघन करने पर किसानों के लिए भूमि के रकबे के आधार पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है। इसके तहत 2 एकड़ से कम भूमि वाले किसानों पर 2,500 रुपये, 2 से 5 एकड़ तक भूमि वाले किसानों पर 5,000 रुपये और 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों पर 15,000 रुपये प्रति घटना जुर्माना लगाया जा सकता है। इसी क्रम में जिले में पराली जलाने की 12 घटनाएं प्रमाणित हुई हैं। इनमें अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामपुर बाघेलान ने 5 किसानों पर कुल 12,500 रुपये और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मझगवां ने 4 किसानों पर कुल 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया है। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नागौद ने 3 किसानों को नोटिस जारी किए हैं।
पराली प्रबंधन के लिए इन कृषि यंत्रों के उपयोग की सलाह
कलेक्टर ने किसानों से पराली के उचित प्रबंधन के लिए हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम युक्त कंबाइन हार्वेस्टर, रीपर कंबाइनर और बेलर का उपयोग करने की अपील की है। इन यंत्रों की मदद से खेत में बचे फसल अवशेषों का प्रबंधन किया जा सकता है और उन्हें जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के नहीं चलेंगे कंबाइन हार्वेस्टर
प्रशासन ने फसल कटाई में इस्तेमाल होने वाले कंबाइन हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर अथवा बेलर का उपयोग अनिवार्य किया है। इसके पालन की निगरानी जिला परिवहन अधिकारी, सहायक कृषि अभियांत्रिकी, कृषि विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा की जा रही है। बिना आवश्यक स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रा रीपर या बेलर के कंबाइन हार्वेस्टर संचालित पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


