कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्रोत्साहित करें – कलेक्टर सिवनी
16 नवंबर 2026, सिवनी: कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्रोत्साहित करें – कलेक्टर सिवनी – कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने गुरुवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन तथा सहकारिता विभाग की योजनाओं, लक्ष्यों और प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने जिले में रबी मौसम के अंतर्गत फसलवार रकबे एवं बुआई की स्थिति की जानकारी लेते हुए कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवार कृषक संगोष्ठियां आयोजित कर किसानों को तिलहन एवं दलहन फसलों के संबंध में जानकारी देने तथा फसल चयन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद एवं बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए अनुमानित मांग के अनुरूप पूर्व से ही केन्द्रों पर पर्याप्त भंडारण तथा किसानों को सुगम वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
नरवाई प्रबंधन पर विशेष जोर – बैठक में कलेक्टर ने नरवाई प्रबंधन को लेकर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें नरवाई प्रबंधन के उन्नत विकल्पों एवं कृषि यंत्रों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए ग्रामवार चौपाल एवं कृषक संवाद कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए।उन्होंने जिले में उपलब्ध सुपर सीडर, बेलर, मल्चर, स्ट्रॉ रीपर, रोटावेटर एवं रीपर सहित अन्य कृषि यंत्रों की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाने तथा किसानों को इसका उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं नवाचारों की समीक्षा करते हुए उन्नत किस्मों के बीजों के उपयोग तथा प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहित करने को कहा। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के उत्पादों के लिए बाजार की उपलब्धता सुनिश्चित कर बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
सहकारिता एवं मंडी व्यवस्था की समीक्षा – कलेक्टर ने जिला सहकारी बैंक की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करते हुए ऋण वितरण एवं वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पैक्स समितियों की गतिविधियों, सदस्यता, केसीसी वितरण तथा जन औषधि केंद्र सहित अन्य गतिविधियों की समीक्षा की और समितियों को अधिक सक्रिय एवं उपयोगी बनाने के निर्देश दिए।इसी प्रकार मंडी की समीक्षा के दौरान उन्होंने कृषि उपज की आवक, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को मंडी में आवश्यक सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने तथा योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
चिया सीड एवं मखाना जैसे नवाचारों को बढ़ावा – उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में फल, सब्जी, मसाला, पुष्प तथा औषधीय एवं सुगंधित फसलों के रकबे की जानकारी ली। उन्होंने औषधीय फसलों तथा चिया सीड जैसी संभावनाओं वाली फसलों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।उन्होंने पीएमएफएमई योजना के माध्यम से कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने तथा उत्पादक किसानों को ब्रांडिंग और मार्केटिंग में सहयोग उपलब्ध कराने को कहा। प्राकृतिक हाट बाजार को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत स्प्रिंकलर, ड्रिप सहित अन्य सिंचाई उपकरणों के उपयोग तथा बागवानी को बढ़ावा देने पर जोर दिया । जिले में नवाचार के रूप में की जा रही मखाना खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को सतत मार्गदर्शन एवं विशेष प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विभागीय नर्सरियों की गतिविधियों की भी जानकारी ली।
पशुपालकों को उपचार और योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश – पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पशु उपचार, टीकाकरण एवं औषधि वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना सहित अन्य योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के लिए चयनित ग्रामों में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूर्ण करने तथा चलित पशु चिकित्सा इकाई के माध्यम से अधिक से अधिक पशुपालकों को उपचार एवं आवश्यक सेवाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
मत्स्य पालन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश – मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने योजनाओं के माध्यम से मत्स्य पालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उत्पादन बढ़ाने के प्रयासों तथा हितग्राही मूलक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने, मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने तथा मत्स्य पालकों को तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


