रायसेन : कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
17 नवंबर 2026, रायसेन: रायसेन : कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें रबी वर्ष 2026-27 के लिए फसलवार बोनी की प्रगति, खाद एवं बीज की उपलब्धता और वितरण, दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन, प्राकृतिक खेती, पराली प्रबंधन अभियान तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के प्रारंभ में बताया गया कि जिले में रबी सीजन के लिए 4 लाख 24 हजार 800 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अभी तक 106780 हेक्टेयर में बोनी हो चुकी है। इसमें गेहूं की 40371 हेक्टेयर, चना की 38421 हेक्टेयर तथा मसूर की 21667 हेक्टेयर में बोनी शामिल है।
जिले में विभिन्न उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अभी तक यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके तथा एसएसपी को मिलाकर कुल 87626 मैट्रिक टन उर्वरक प्राप्त हुई है जिसमें से किसानों को 39962 मीट्रिक टन खाद का वितरण हो गया है तथा वर्तमान में 47662 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। इसमें यूरिया 15241 मीट्रिक टन, डीएपी 8129 मीट्रिक टन, एमओपी 1786 मीट्रिक टन, एनपीके 12024 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 10482 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को रबी सीजन में आवश्यकता के अनुसार खाद एवं प्रमाणित बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें। खाद-बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखें तथा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए नियमित रूप से नमूने लेकर जांच कराएं। अमानक खाद एवं बीज पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने दलहन फसलों के रकबे में वृद्धि तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।बैठक में पराली प्रबंधन की जानकारी देते हुए बताया गया कि खेत बचाओ अभियान के तहत जिले की 221 ग्राम पंचायतों में किसान चौपाल आयोजित की गई हैं।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने पराली जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए किसानों को निरंतर जागरूक करने तथा पराली के वैकल्पिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देने तथा मैदानी अमले को सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए कहा।इसी प्रकार विभागीय योजनाओं की लक्ष्यवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि विभाग की योजनाओं और सेवाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। बैठक में उप संचालक कृषि श्री केपी भगत सहित जिला और विकासखण्ड अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


