छत्तीसगढ़ में हल्दी बीज वितरण में कथित गड़बड़ी की होगी जांच, कृषि मंत्री नेताम ने दिए निर्देश
16 सितंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ में हल्दी बीज वितरण में कथित गड़बड़ी की होगी जांच, कृषि मंत्री नेताम ने दिए निर्देश – छत्तीसगढ़ में हल्दी बीज वितरण में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार को लेकर सोशल मीडिया पर सामने आई शिकायतों को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग को पूरे मामले की तत्काल और विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
कृषि मंत्री नेताम ने कृषि उत्पादन आयुक्त को अर्द्धशासकीय पत्र लिखकर प्रकरण की बिंदुवार जांच कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराने को कहा है। उन्होंने 10 सितंबर को भेजे गए पिछले पत्र का हवाला देते हुए जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
इन बिंदुओं पर होगी जांच
जांच में आपूर्तिकर्ता के हल्दी बीज के प्रमाणीकरण, टैग, लॉट और एक्सपायरी डेट की सत्यता की जांच की जाएगी। इसके अलावा हल्दी बीज की आपूर्ति दरों का औचित्य, लाभार्थी किसानों को नियमानुसार निर्धारित सामग्री और वांछित मात्रा मिली या नहीं, तथा भुगतान की प्रक्रिया नियमों के अनुरूप हुई है या नहीं, इसकी भी जांच होगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
मंत्री नेताम ने कहा कि किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए और की गई कार्रवाई की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

