राज्य कृषि समाचार (State News)

रीवा में धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई

08 नवंबर 2025, रीवा: रीवा में धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई – कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित जिला उपार्जन समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन एक दिसम्बर से शुरू हो रहा है। सभी खरीदी केंद्रों में उपार्जन के लिए आवश्यक प्रबंध करें।

कलेक्टर ने कहा  कि किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ खरीदी केन्द्र में धान की तौल, सिलाई, परिवहन तथा भण्डारण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। खरीदी केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं को ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज करें। महाप्रबंधक सहकारी बैंक सभी समिति प्रबंधकों को उपार्जन के संबंध में आवश्यक निर्देश दें। जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम सहकारी समितियों को उपार्जन के लिए आवश्यक राशि तत्काल उपलब्ध कराएं, जिससे समय पर खरीदी केन्द्रों में व्यवस्थाएं की जा सकें।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि किसान को खरीदी केन्द्र में धान देने के बाद तीन दिवस में भुगतान सुनिश्चित करें। किसी भी स्थिति में भुगतान सात दिन से अधिक समय तक लंबित न रहे। प्रत्येक खरीदी केन्द्र के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दें। नोडल अधिकारियों के माध्यम से उपार्जन केन्द्र की व्यवस्थाओं का सत्यापन कराएं। सभी खरीदी केन्द्रों में कम से कम 15 दिवस की धान खरीदी के लिए बारदाने उपलब्ध करा दें। जिले में 37 गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्र बनाए जा रहे हैं। इनमें शासन के निर्देशों के अनुरूप गोदाम के बाहर धान की खरीदी कराकर उसे गोदाम में भण्डारित कराएं। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश ताण्डेकर ने बताया कि खरीदी के लिए 75 प्रतिशत बारदाने उपलब्ध हैं। मिलर्स से बारदाने लेकर शेष की पूर्ति की जा रही है। सहकारी समितियों को शीघ्र ही लंबित राशि जारी की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, महाप्रबंधक सहकारी बैंक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय, जिला प्रबंधक वेयर हाउस कमल बागरी, प्रभारी उपायुक्त सहकारिता उपस्थित  थे ।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements