पांढुर्ना: पंधराखेड़ी में कृषक संगोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन
24 फरवरी 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत, पांढुर्ना): पांढुर्ना: पंधराखेड़ी में कृषक संगोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं उपसंचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में वृंदावन ग्राम पंधराखेड़ी , विकासखंड सौंसर, जिला पांढुर्ना में आत्मा परियोजना अंतर्गत कृषक संगोष्ठी एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. एस.डी. सावरकर एवं डॉ. एस.एल. अलावा द्वारा कृषकों को प्राकृतिक खेती का महत्व विस्तारपूर्वक समझाया गया। उन्होंने बताया कि निरंतर रासायनिक खेती करने से मनुष्य एवं मृदा पर अत्यंत घातक प्रभाव पड़ा है, जिसके कारण मानव और मृदा दोनों का स्वास्थ्य गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो मानव समाज के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। अतः मानव समाज एवं मृदा पर्यावरण को बचाने के लिए प्राकृतिक खेती एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मृदा एवं पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहेंगे और स्वाभाविक रूप से मानव स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि प्राकृतिक खेती आज की प्रमुख आवश्यकता है। इसके लिए प्रकृति में उपलब्ध संसाधनों जैसे कृषि अवशेष, पशु अवशेष, जीवांश, जीवाणु, फफूंद, वायरस आदि का उपयोग करते हुए कृषि कार्य करना चाहिए, जिससे खेती की लागत कम की जा सकती है तथा रसायनों से मुक्ति मिल सकती है।
अनुविभागीय अधिकारी कृषि सुश्री अर्चना डोंगरे द्वारा प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों की जानकारी दी गई। उन्होंने शीघ्र खाद निर्माण एवं उपयोग के संबंध में जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत तथा कीट नियंत्रण हेतु दर्शपर्णी अर्क एवं नीमास्त्र के प्रयोग की विधि समझाई। साथ ही फफूंद एवं बैक्टीरिया जनित रोगों के नियंत्रण हेतु छाछ में तांबे का बर्तन या तांबे की कोई वस्तु एक सप्ताह तक डालकर उसके उपयोग से रोग नियंत्रण की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सौंसर श्री योगेश भलावी द्वारा उपस्थित कृषकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती रजनी महेश पराडकर सरपंच, श्री प्रदीप गीद उद्यान विभाग, श्री सुभाष साहू बीटीएम आत्मा, श्री संजय बहैस्वर एवं कैलाश धुर्वे कृषि विस्तार अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

