Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

प्रदेश के सभी शहरों को हरा-भरा करने के लिए बनेगा संयुक्त हार्टिकल्चर विंग- मनोहर लाल

एफएमडीए की मीटिंग में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दिए निर्देश, अलग नर्सरी व अन्य संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे

6 मई 2022, चंडीगढ़ । प्रदेश के सभी शहरों को हरा-भरा करने के लिए बनेगा संयुक्त हार्टिकल्चर विंग- मनोहर लाल – मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के सभी शहरों को हरा भरा करने के लिए राज्य स्तर पर एक संयुक्त हार्टिकल्चर विंग तैयार किया जाएगा। इस विंग को अपनी नर्सरी और अन्य संसाधन भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मंगलवार को फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की मीटिंग में विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस दौरान वर्ल्ड प्रैस डे, अक्षय तृतीया व भगवान परशुराम जयंती की बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने बताया कि फरीदाबाद शहर के विकास के लिए आज की मीटिंग में 450 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही 586 करोड़ रुपये के नए साल के बजट को मंजूरी भी आज की मीटिंग में दे दी गई है। इसके लिए पैसा अलग-अलग स्रोतों से जुटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद शहर का विकास हो रहा है और शहर की आबादी बढ़ रही है तो पानी की मांग भी बढ़ेगी। ऐसे में आदेश दिए गए हैं कि भविष्य में बेहतर सप्लाई की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम में पिछले दिनों 24 गांवों को शामिल किया गया था। इन गांवों की पंचायतों  के पास जमीन अधिग्रहण के बाद करीब 350 करोड़ रुपया आया था उस पैसे को उन्हीं गांवों में खर्च करने की मांग ग्रामीण कर रहे थे। अब एफएमडीए की मीटिंग में निर्णय लिया गया है कि जो पैसा इन गांवों का है वह इन्हीं क्षेत्रों के विकास पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद शहर में फिलहाल तीन बस अड्डे हैं। इनमें बल्लभगढ़ बस अड्डा इंटर स्टेट बस अड्डा विकसित हो रहा है। एनआईटी बस अड्डे का काम भी अंतिम चरण में है। सेक्टर-12 में भी 10 एकड़ में बस अड्डा प्रस्तावित है। अब ग्रेटर फरीदाबाद में भी एक लोकल बस अड्डे की जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सिटी बस सर्विस को जीएमडीए से 50 बसें दी गई थी और यह सेवा फरीदाबाद शहर में बेहतरीन कार्य कर रही है। भविष्य में इस बेड़े में 150 नई बसें शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इनमें मिनी बसें और बड़ी बसें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों पर फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछली मीटिंग में पानी सप्लाई करने वालों के लिए पानी के टैंकर एफएमडीए द्वारा भरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए थे। अब इसके लिए पोर्टल बना दिया गया है और आज लॉन्च भी करा दिया है। उन्होंने कहा कि शहर को पूर्व से पश्चिम तक जोड़ने के लिए तीन अंडर पास की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह काम जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि शहर की छोटी-बड़ी 20 से ज्यादा सड़कों के विकास की योजना तैयार कर ली गई है। तीन मुख्य सड़कों पर काम भी शुरू हो चुका है और इसमें सेक्टर 11-12 डिवाईडिंग रोड पर ट्रैफिक भी शुरू कर दिया गया है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने बताया कितीन मुख्य सड़कों पर काम शुरू है। सेक्टर 12 रोड भी शुरू कर दिया गया है। मीटिंग में केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद के विधायक नरेंद्र गुप्ता, तिगांव के विधायक राजेश नागर, पृथला के विधायक नयनपाल रावत, एनआईटी के विधायक नीरज शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, एफएमडीए के सीईओ सुधीर राजपाल, अतिरिक्त सीईओ अनिता यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनिल राव, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, उपायुक्त जितेंद्र यादव, स्मार्टसिटी की सीईओ डा. गरिमा मित्तल, नगर निगम आयुक्त यशपाल यादव, एचएसवीपी के प्रशासक जितेंद्र दहिया सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर: भागीरथ कहे जाने वाले मनोहर लाल अब बने आईटी गुरु