राज्य कृषि समाचार (State News)

अब घर बैठे करें किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन, विदिशा में शुरू हुआ डिजिटल अभियान

11 जून 2026, भोपाल: अब घर बैठे करें किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन, विदिशा में शुरू हुआ डिजिटल अभियान – किसानों को डिजिटल बैंकिंग और आधुनिक कृषि वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की दिशा में विदिशा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देशों के अनुरूप अग्रणी जिला बैंक (लीड बैंक) द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के पूर्ण डिजिटलीकरण के लिए विशेष संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जिले के उन सभी पात्र और इच्छुक किसानों तक पहुंचना है, जो अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा से वंचित हैं।

ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे विशेष शिविर

अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) बीएस बघेल ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतिदिन विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।इन शिविरों में किसानों को डिजिटल माध्यम से केसीसी आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। अभियान में एनजीओ पार्टनर आरोह फाउंडेशन भी सक्रिय सहयोग कर रहा है।

इसके अलावा जिले में कार्यरत सभी वाणिज्यिक बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी) और सहकारी बैंक शाखाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और किसानों के डिजिटल आवेदनों को प्राथमिकता के साथ स्वीकार करें।

खरीफ 2026 से पहले पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया

आगामी खरीफ सीजन 2026 को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन के एजेंडे के अनुरूप किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। इसके लिए ‘कृषिका’ (KRISHIKA) मोबाइल ऐप और जनसमर्थ (Jan Samarth) पोर्टल को प्रमुख माध्यम बनाया गया है।

अब किसान घर बैठे या अपने नजदीकी शिविर की मदद से आसानी से डिजिटल आवेदन कर सकेंगे, जिससे ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और तेज होगी।

रीयल-टाइम मॉनिटरिंग से बढ़ेगी पारदर्शिता

कृषिका ऐप को किसान ऋण पोर्टल (केआरपी) से एकीकृत किया गया है, जिससे बैंक स्तर पर आवेदनों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी। इस तकनीक की मदद से एक ही भूमि पर एकाधिक ऋण स्वीकृत होने जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। इस व्यवस्था से कृषि ऋण वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनने की उम्मीद है।

किसानों को दी जा रही डिजिटल आवेदन की जानकारी

ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में किसानों को कृषिका ऐप डाउनलोड करने, पंजीयन कराने, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और ऑनलाइन केसीसी आवेदन की संपूर्ण प्रक्रिया समझाई जा रही है। बैंक प्रतिनिधि और फील्ड स्तर के कर्मचारी किसानों की हर संभव सहायता कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान डिजिटल प्लेटफॉर्म का लाभ उठा सकें।

किसानों से अभियान का लाभ उठाने की अपील

अग्रणी जिला बैंक कार्यालय ने जिले के सभी किसान भाइयों और बहनों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। किसानों से कहा गया है कि वे अपने नजदीकी बैंक शाखा, कृषि मित्र या ग्राम पंचायत शिविर के माध्यम से अथवा स्वयं कृषिका ऐप का उपयोग कर डिजिटल केसीसी आवेदन करें। इससे उन्हें समय पर कृषि ऋण उपलब्ध होगा और खेती-किसानी के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements