निखिल के डेयरी उद्योग से 11 लोगों को मिला रोजगार
25 फरवरी 2026, ग्वालियर: निखिल के डेयरी उद्योग से 11 लोगों को मिला रोजगार – पशुपालन के माध्यम से रोजगार से जुड़ने वाले युवाओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार सरकार द्वारा हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। ऐसे युवाओं को बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने के साथ-साथ शासन का सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत अनेक युवकों ने पशुपालन से जुड़कर न केवल अपने आपको आत्मनिर्भर बनाया बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य कर दिखाया है।
सही समय पर मदद और दिशा मिल जाए तो व्यक्ति अपनी सपनों की मंजिल पा सकता है। ऐसा ही हुआ श्री निखिल श्रीवास्तव के साथ। निखिल के पिता खेती करते थे और घर में दो तीन पालतू पशु थे। जिससे 40 से 50 हजार रुपये कमाई होती थी। निखिल भी प्राइवेट जॉब करते थे, निखिल की इच्छा थी कि उनका खुद का डेयरी प्लांट हो, चूंकि घर में इतने पैसे नहीं थे कि वह डेयरी प्लांट लगा सके। ऐसे में उन्हें पीएमएफएमई (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना) योजना की जानकारी मिली। इस योजना से उन्हें 10 लाख रूपये का लोन मिला। इस लोन से उन्होंने खुद का डेयरी प्लांट लगाया साथ ही 11 अन्य लोगों को रोजगार भी दिया है, जो कि उनके यहां कार्य करते हैं। अब उनकी कमाई बढकर 2 लाख रूपये हो गई है।
निखिल श्रीवास्तव बताते हैं कि उनके पिता का नाम चांदविहारी श्रीवास्तव हैं जो कि ग्राम जमाहर में निवास करते हैं। गांव में ही उनकी पैतृक जमीन है जिस पर पारंपरिक खेती होती है। उनके घर पर दो तीन पालतू पशु थे, जिनका दूध वह मार्केट में ग्रामीणों की मदद से बेचते थे। इससे उन्हें दूध की सही कीमत नहीं मिल पाती थी। वह चाहते थे कि उनकी स्वयं की डेयरी प्लांट हो जिससे वह अपने घर और ग्रामीण का दूध एकत्रित कर उससे व्यवसाय कर सकें। चूंकि परिवार आर्थिक रूप से संपन्न नहीं थी इसके कारण वह अपनी व्यवसाय शुरू नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच पुरानी छावनी से पीएमएफएमई योजना से 10 लाख रूपये का लोन लिया। इस लोन से उन्होंने मशीनें खरीदी और स्वयं की डेयरी उत्पाद का कार्य प्रारंभ किया है।
ऑनलाइन उत्पाद बेचते हैं – निखिल श्रीवास्तव बताते हैं कि उन्होंने शुभ धन डेयरी खोली है, यहां पर वह दूध, पनीर, घी, दही इत्यादि बनाते हैं। इसे वह ऑनलाइन सप्लाई करते हैं। साथ ही क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से सप्लाई करते हैं। इस लोन से उन्होंने डेयरी के लिए पास्टररिजर का उपयोग कर मिल्क पस्टेयरीजिंग के लिए बायलर, पैकिंग मशीनें खरीदी हैं।
11 लोगों को मिला रोजगार – निखिल श्रीवास्तव बताते हैं कि उनकी डेयरी पर 5 व्यक्ति डिलीवरी के लिए, 2 लोग सफाई के लिए, 2 महिलाएं घी उत्पादन के लिए 2 व्यक्ति ऑपरेटर एवं प्रोडक्शन यूनिट के लिए कार्य कर रहे हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

