राज्य कृषि समाचार (State News)

मखाना की खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई! छत्तीसगढ़ में 29 एकड़ में सफल उत्पादन, सरकार करेगी और विस्तार

03 जुलाई 2026, रायपुर: मखाना की खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई! छत्तीसगढ़ में 29 एकड़ में सफल उत्पादन, सरकार करेगी और विस्तार – छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने और खेती के नए विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए मखाना की खेती पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड स्थित ग्राम छाती में संचालित मखाना खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने मखाना उत्पादन की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए इसे किसानों, विशेषकर महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक सशक्तता का प्रभावी माध्यम बताया।

29 एकड़ में हो रही सफल मखाना खेती

जिला प्रशासन तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के संयुक्त प्रयासों से ग्राम छाती में महिला शैलपुत्री एवं नई किरण महिला स्व-सहायता समूह लगभग 29 एकड़ क्षेत्र में मखाना की सफल खेती कर रहे हैं। यह पहल स्थानीय महिलाओं को रोजगार और नियमित आय उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र में वैकल्पिक कृषि को भी नई दिशा दे रही है।

मंत्री ने देखी उत्पादन से प्रसंस्करण तक की पूरी प्रक्रिया

निरीक्षण के दौरान मंत्री रामविचार नेताम खेत में पहुंचे और मखाना के बीज रोपण, पौधों की वृद्धि, फसल प्रबंधन, फल के परिपक्व होने तथा जलाशय से फल निकालकर पारंपरिक तरीके से प्रसंस्करण कर तैयार मखाना बनाने की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया।

अधिकारियों ने बताया कि मखाना की फसल सामान्यतः 6 से 8 महीने में तैयार हो जाती है। इसके बाद प्रसंस्करण के जरिए उच्च गुणवत्ता वाला मखाना तैयार किया जाता है।

किसानों की आय बढ़ाने की अच्छी संभावना

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मखाना एक उच्च मूल्य वाली पौष्टिक फसल है, जिसकी बाजार में लगातार मांग बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस फसल में किसानों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने अधिकारियों को उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, विपणन और महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि नवाचार आधारित ऐसी खेती को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सकती है।

जिले में होगा मखाना खेती का और विस्तार

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में जिले में लगभग 80 हेक्टेयर क्षेत्र में मखाना की खेती की जा रही है। इसके अलावा नगरी विकासखंड में 100 एकड़ अतिरिक्त क्षेत्र में मखाना उत्पादन का विस्तार करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इसका उद्देश्य भविष्य में धमतरी जिले को मखाना उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

निरीक्षण के दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल परदेशी, कृषि संचालक राहुल देव तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।’

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture