राज्य कृषि समाचार (State News)फसल की खेती (Crop Cultivation)

मक्के की फसल के प्रमुख कीट 

लेखक: प्रथम कुमार सिंह, स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर, आई.टी.एम. यूनीवर्सिटी, ग्वालियर, डॉ. प्रद्युम्न सिंह, वैज्ञानिक, बी. एम. कृषि महाविद्यालय, खण्डवा , Email : pradyumn.singh1@gmail.com

02 अगस्त 2024, भोपाल: मक्के की फसल के प्रमुख कीट  – तना छेदक: कीट यह कीट मक्के के लिए सबसे अधिक हानिकारक कीट है। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसकी सुंडियां 20 से 25 मिमी लम्बी और स्लेटी सफेद रंग की होती है। जिसका सिर काला होता है और चार लम्बी भूरे रंग की लाइन होती है। इस कीट की सुंडियाँ तनों में छेद करके अन्दर ही अन्दर खाती रहती हैं। फसल के प्रारम्भिक अवस्था में प्रकोप के फलस्वरूप मृत गोभ बनता है, परन्तु बाद की अवस्था में प्रकोप होने पर पौधे कमजोर हो जाते हैं और भुट्टे छोटे आते हैं एवं हवा चलने पर पौधा बीच से टूट जाता है।

Advertisement
Advertisement

मक्का का कटुआ: कीट  इस कीट की सूँडी काले रंग की होती है, जो दिन में मिट्टी में छुपती है। रात को नए पौधे मिट्टी के पास से काट देती है। ये कीट जमीन में छुपे रहते हैं और पौधा उगने के तुरन्त बाद नुकसान करते हैं। कटुआ कीट की गंदी भूरी सुण्डियां पौधे के कोमल तने को मिट्टी के धरातल के बराबर वाले स्थान से काट देती है और इस से फसल को भारी हानि पहुंचाती है। सफेद गिडार पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंचाते हैं।

मक्का की सैनिक सुंडी: सैनिक सुंडी हल्के हरे रंग की, पीठ पर धारियां और सिर पीले भूरे रंग का होता है। बड़ी सुंडी हरी भरी और पीठ पर गहरी धारियाँ होती हैं। यह कुंड मार के चलती है। सैनिक सुंडी ऊपर के पत्ते और बाली के नर्म तने को काट देती है। अगर 4 सैनिक सुंडी प्रति वर्गफुट मिले तो इनकी रोकथाम आवश्यक हो जाती है।

Advertisement8
Advertisement

फॉल आर्मीवर्म: यह एक ऐसा कीट है, जो कि एक मादा पतंगा अकेले या समूहों में अपने जीवन काल में एक हजार से अधिक अंडे देती है। इसके लार्वा मुलायम त्वचा वाले होते हैं, जो कि उम्र बढऩे के साथ हल्के हरे या गुलाबी से भूरे रंग के हो जाते हैं। अण्डों की ऊष्मायन अथवा इंक्यूबेसन अवधि 4 से 6 दिन तक की होती है। इसके लार्वा पत्तियों को किनारे से पत्तियों की निचली सतह और मक्के के भुट्टे को भी खाते हैं। लार्वा का विकास 14 से 18 दिन में होता है। इसके बाद प्यूपा में विकसित हो जाता है, जो कि लाल भूरे रंग का दिखाई देता है। यह 7 से 8 दिनों के बाद वयस्क कीट में परिवर्तित हो जाता है। इसकी लार्वा अवस्था ही मक्का की फसल को बहुत नुकसान पहुंचाती है। 

Advertisement8
Advertisement

समन्वित कीट नियंत्रण के उपाय:

  • सदैव फसल की बुवाई समय पर करनी चाहिए।
  • अनुशंसित पौध अंतरण पर बुवाई करें।
  • संतुलित मात्रा में उर्वरकों का  प्रयोग करना चाहिए, जैसे नाईट्रोजन की मात्रा का ज्यादा प्रयोग न करें।
  • खेत में पड़े पुराने खरपतवार और फसल अवशेषों को नष्ट कर दें।
  • मृत गोभ दिखाई देते ही प्रभावित पौधों को भी उखाड़ कर नष्ट कर दें।
  • मक्के की फसल लेने के बाद, बचे हुए अवशेषों, खरपतवार और दूसरे पौधों को नष्ट कर दें।
  • समन्वित कीट के नियंत्रण हेतु प्रति एकड़ में 5 से 10 ट्राइकोकार्ड का प्रयोग करें।
  • जिन क्षेत्रों में खरीफ सीजन में मक्का की खेती की जाती है, उन क्षेत्रों में ग्रीष्मकालीन मक्का न लें।
  • अंतवर्तीय फसल के रूप में दलहनी फसल जैसे मूंग, उड़द की खेती करें।
  • फसल बुवाई के तुरंत बाद पक्षियों के बैठेने के लिए जगह हेतु प्रति एकड़ 8 से 10 टी आकार की खूंटिया खेत में लगा दें।
  • फॉल आर्मीवर्म को रोकने के लिए 10 से 12 फेरोमोन ट्रैप प्रति हेक्टेयर की दर से लगा दें।  
  • 7 दिनों के अंतराल पर फसल का निरीक्षण करते रहना चाहिए। 
  • छेदक कीटों के लिए क्लोरएन्ट्रानिलिप्रोल 18.5 एस.सी. की 0.5 मि.ली. मात्रा प्रतिलीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करना चाहिये।
  • आइसोसाइक्लोसीरम 18.1 एस.सी. की 2 मि.ली. मात्रा को प्रति 3 लीटर, फॉल आर्मीवर्म के लिये उपरोक्त कीटनाशकों के अलावा स्पिन्टोरम 11.7  एस.सी. की 0.5 मि.ली. मात्रा प्रति लीटर पानी में पानी में घोल बनाकर छिड़काव करना चाहिये।
  • तना छेदक, तना मक्खी एवं थ्रिप्स की रोकथाम के लिये 33 से 35 किलो कार्बाफ्यूरॉन 3 सी.जी. (दानेदार) की मात्रा प्रति हेक्टेयर की दर से खेत में प्रकोप होने पर बिखेर दें।

मक्के की फसल में लगने वाले प्रमुख रोग: 

पत्ती झुलसा:- मक्के के पौधों में पत्ती झुलसा रोग का असर पत्तियों पर देखने को मिलता है। इस रोग के प्रभाव की वजह से पौधे पर शुरुआत में नीचे की पत्तियां सूखने लगती हैं, पत्तियों पर लंबे, अंडाकार, भूरे धब्बे दिखाई पड़ते हैं, रोग बढ़ने पर पौधों में ऊपर की पत्तियां भी धीरे धीरे सूखने लगती है जिससे पौधा विकास करना बंद कर देता है। 

तना सड़न:- मक्का की खेती में तना सडन रोग का प्रभाव पौधों के विकास के दौरान अधिक बारिश के कारण जल भराव के दौरान देखने को मिलता है। इस रोग की शुरुआत पौधे पर पहली गांठ से होती है, इस रोग के लगने पर पौधों के तने की पोरियों पर जलीय धब्बे दिखाई देने लगते हैं। जो बहुत जल्दी सड़ने लग जाते हैं. सड़ते हुए भाग से एल्कोहल जैसी गंध आती है| पौधे की पत्तियां पीला पड़कर सूखने लगती है, जिसका असर बाद में पूरे पौधे पर देखने को मिलता है।  

भूरा धारीदार मृदुरोमिल आसिता रोग:-  यह एक फफूंद जनित रोग है। इस रोग के लगने से पौधों की पत्तियों पर हल्की हरी या पीली, 3 से 7 मिलीमीटर चौड़ी धारियॉ पड़ जाती हैं, जो बाद में गहरी लाल हो जाती है| नम मौसम में सुबह के समय उन पर सफेद रुई के जैसी फफूंद नजर आती है| इस रोग के लगने पर पौधों में निकलने वाले भुट्टों की संख्या में कमी आ जाती है जिससे पैदावार भी कम हो जाती है।  

रतुआ:- मक्का की फसल में इस रोग का प्रभाव पौधों की पत्तियों पर देखने को मिलता है। इस रोग के लगने से पौधे की पत्तियों की सतह पर छोटे, लाल या भूरे, अंडाकार, उभरे हुए धब्बे देते हैं, जिन्हें छूने पर हाथों पर स्लेटी रंग का पाउडर चिपक जाता है ये फफोले पत्ते पर अमूमन एक ही कतार में पड़ते हैं| पौधों पर यह रोग अधिक नमी की वजह से फैलता हैं, रोग बढ़ने पर पौधे की पत्तियां पीली होकर नष्ट हो जाती है, जिससे पौधों का विकास रुक जाता है। 

नियंत्रण के उपाय:-

  • सदैव बीज उपचार करके ही बुवाई करनी चाहिए|  
  • खेत को खरपतवार मुक्त रखना चाहिए। 
  • खेत की तैयारी के वक्त खेत की सफाई कर उसकी गहरी जुताई करके तेज़ धूप लगने के लिए खुला छोड़ देंना चाहिए। 
  • मेटालेक्झिल 35 डब्लू एस की 1 किलोग्राम मात्रा के 100 किलो बीजो को उपचारित कर बोया जाना चाहिए I इसके अलावा बाज़ार में मिलने वाले फफून्द्नाशकों जैसे मेन्कोजेब 75 डब्लू पी या कार्बेन्डाजिम आदि की 2 ग्राम मात्र प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर रोग दिखने पर छिडकाव करने से रोग का नियन्त्रण हो जाता है I

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

Advertisement8
Advertisement

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.en.krishakjagat.org

Advertisements
Advertisement5
Advertisement