राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश: सीधी में शुरू हुआ जैविक संसाधन केंद्र, अब किसानों को एक ही छत के नीचे मिलेंगे प्राकृतिक खेती के सभी जैविक उत्पाद

09 जून 2026, सीधी: मध्यप्रदेश: सीधी में शुरू हुआ जैविक संसाधन केंद्र, अब किसानों को एक ही छत के नीचे मिलेंगे प्राकृतिक खेती के सभी जैविक उत्पाद – मध्यप्रदेश के सीधी जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में जैविक संसाधन केंद्र का शुभारंभ किया गया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित इस केंद्र के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न जैविक कृषि आदान एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

केंद्र में बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत, ब्रह्मास्त्र, नीमास्त्र तथा अग्निआस्त्र जैसे प्राकृतिक कृषि उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है। साथ ही किसानों को इन उत्पादों के उपयोग, लाभ और प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

आजीविका मिशन द्वारा जिले में संचालित जैविक संसाधन केंद्रों को एकीकृत कृषि क्लस्टर (आईएफसी) के तहत सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तायुक्त जैविक उत्पाद उपलब्ध हो सकें। किसानों की आवश्यकता के अनुसार उचित मूल्य पर जैविक आदान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

वर्तमान में सीधी विकासखंड के बढ़ौरा, देवगढ़, डिहुली और टीकट कला में भी जैविक संसाधन केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है, मृदा की गुणवत्ता में सुधार होता है तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। इसके साथ ही सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उत्पादन सुनिश्चित होता है, जिससे किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलता है।

आजीविका मिशन ने किसानों से जैविक संसाधन केंद्रों की सेवाओं का लाभ उठाने तथा प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की है। मिशन का उद्देश्य टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देकर किसान समृद्धि, स्वस्थ पर्यावरण और सुरक्षित खाद्य उत्पादन सुनिश्चित करना है।

एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे जैविक उत्पाद

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जैविक संसाधन केंद्र किसानों के लिए प्राकृतिक खेती से जुड़े आवश्यक उत्पादों की उपलब्धता का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां किसानों को जैविक कृषि आदानों की खरीद के साथ-साथ प्राकृतिक खेती की तकनीकी जानकारी और मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultur