मध्यप्रदेश: धनिया उत्पादन में नीमच बनेगा अग्रणी, 700 हेक्टेयर क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य
28 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: धनिया उत्पादन में नीमच बनेगा अग्रणी, 700 हेक्टेयर क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य – ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत नीमच के धनिया को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने हेतु कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धनिया के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं किसानों की आय में वृद्धि के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
700 हेक्टेयर क्षेत्र विस्तार का लक्ष्य
बैठक में बताया गया कि मसाला क्षेत्र विस्तार योजना के तहत वर्ष 2025-26 में एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) योजना के अंतर्गत 220 हेक्टेयर क्षेत्र में 293 किसानों को लाभान्वित किया गया है। वहीं राज्य पोषित योजना के तहत 73.25 हेक्टेयर क्षेत्र में 107 किसानों को लाभ मिला। इस प्रकार कुल 293.25 हेक्टेयर क्षेत्र में 400 किसानों को योजना का लाभ प्रदान किया गया।
वर्ष 2026-27 के लिए प्रशासन ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। MIDH योजना के तहत 450 हेक्टेयर क्षेत्र में 485 किसानों तथा राज्य पोषित योजना के तहत 250 हेक्टेयर क्षेत्र में 267 किसानों को लाभान्वित करने की योजना बनाई गई है। इस प्रकार कुल 700 हेक्टेयर क्षेत्र में 752 किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
किसानों को दिया जा रहा तकनीकी प्रशिक्षण
धनिया उत्पादन की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा 500 किसानों को उन्नत तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और बेहतर बाजार प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।
प्रसंस्करण इकाइयों को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बैठक में निर्देश दिए कि जिले के शिक्षित युवाओं को धनिया प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जाए। इससे किसानों को खेत स्तर पर ही पैकेजिंग और प्रसंस्करण की सुविधा मिल सकेगी तथा वे सीधे बाजार से जुड़ सकेंगे।
वर्तमान में जिले में ODOP योजना के तहत धनिया की 65 प्रसंस्करण इकाइयां संचालित हैं, जिन्हें वर्ष 2026-27 तक बढ़ाकर 90 करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों की आय में हो रही बढ़ोतरी
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिले के 24,231 किसान धनिया की खेती कर रहे हैं। धनिया उत्पादन से किसानों की आय में 10 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रशासन ने वर्ष 2026-27 में जिले में 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 33 हजार मीट्रिक टन धनिया उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।
व्यापारी और विशेषज्ञ भी हुए शामिल
समीक्षा बैठक में उद्यानिकी, उद्योग और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, धनिया व्यापारी एवं प्रसंस्करण उद्योगों के संचालक भी उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारियों और प्रसंस्करण इकाइयों के प्रतिनिधियों ने धनिया के उत्पादन और निर्यात को बढ़ाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

