राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश: बालाघाट में तिल फसल का निरीक्षण, कृषि विभाग ने किसानों को डीएसआर और ब्राउन मैन्योरिंग अपनाने की दी सलाह

04 जून 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: बालाघाट में तिल फसल का निरीक्षण, कृषि विभाग ने किसानों को डीएसआर और ब्राउन मैन्योरिंग अपनाने की दी सलाह – मध्यप्रदेश के  बालाघाट जिले में किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा लगातार खेत स्तर पर तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में 2 जून 2026 को विकासखंड परसवाड़ा के ग्राम सिंघई में कृषक  धरमलाल राणा के खेत का भ्रमण एवं फसल अवलोकन किया गया।    

उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने बताया कि भ्रमण के दौरान विभागीय योजनांतर्गत प्रदाय किए गए ग्रीष्मकालीन तिल बीज से तैयार फसल की स्थिति का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने फसल की बढ़वार, पौधों की सघनता एवं खेत की समग्र स्थिति का अवलोकन करते हुए किसान द्वारा किए जा रहे कृषि कार्यों की सराहना की। निरीक्षण में पाया गया कि समय पर बोवनी एवं उचित कृषि प्रबंधन के कारण तिल की फसल संतोषजनक स्थिति में है।

 कृषि विशेषज्ञों ने कृषक को तिल फसल की कटाई के बाद खेत की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और खरपतवार प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए ब्राउन मैन्योरिंग तकनीक अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि यह पद्धति मिट्टी में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ाने के साथ-साथ फसल उत्पादन लागत को कम करने में भी सहायक सिद्ध होती है।    

इसके साथ ही आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषक को डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) पद्धति से धान की बुवाई करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि डीएसआर तकनीक के माध्यम से धान की खेती में पानी की बचत, श्रम लागत में कमी तथा समय पर बुवाई सुनिश्चित की जा सकती है। बदलती जलवायु परिस्थितियों में यह तकनीक किसानों के लिए अधिक लाभकारी सिद्ध हो रही है।

कृषि विभाग ने किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में योगदान देने की अपील की है। विभाग का मानना है कि तिल, ब्राउन मैन्योरिंग और डीएसआर जैसी उन्नत तकनीकों के समन्वित उपयोग से किसानों को बेहतर उत्पादन और अधिक आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकता है। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements