Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश सरकार राहत राशि वितरण में गड़बड़ी करने वालों के विरूद्ध निरंतर कर रही कार्रवाई

17 जून 2023, भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार राहत राशि वितरण में गड़बड़ी करने वालों के विरूद्ध निरंतर कर रही कार्रवाई – राज्य शासन द्वारा वर्ष 2018 से 2022-23 तक प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, सूखा एवं कीट प्रकोप इत्यादि आपदाओं में राहत राशि के स्वीकृत प्रकरणों में भुगतान की कार्यवाही का पर्यवेक्षण एवं समीक्षा निरंतर की जा रही है। राशि भुगतान में गड़बड़ी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की गई है। अब तक 20 पर एफआईआर दर्ज हुई है और 11 को निलंबित किया जा चुका है, 11 के विरूद्ध दण्डादेश पारित हुए हैं, इस प्रकार 245 शासकीय लोगों के विरूद्ध कार्रवाई कर 4 करोड़ 34 लाख रूपये की रकम को इकट्ठा कर उसको सरकारी खजाने में जमा कराया गया हैं।  श्योपुर में गड़बड़ी करने वालों के बैंक खाते होल्ड कर दिये गये हैं। साथ ही उनकी सम्पत्ति विक्रय कर राशि वसूली की कार्यवाही भी की जायेगी।

शासन द्वारा नियमित रूप से कार्रवाई कर गड़बड़ी करने वाले 32 लोगों को निलंबित किया गया है। इनमें तहसीलदार, पटवारी, नायब, नाजिर एवं लिपिक शामिल है। सिवनी, सीहोर, शिवपुरी, भिण्ड एवं इंदौर में 20 लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए गड़बड़ी करने के 131 प्रकरणों में अभियोजन स्वीकृति जारी की गई है।

11 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के विरूद्ध लोकायुक्त में आपराधिक प्रकरण दर्ज किये गये हैं। साथ ही 29 अधिकारियों के विरूद्ध विभागीय जाँच प्रचलित है और 11 प्रकरणों में दण्डादेश पारित किया गया है। राजस्व विभाग में कार्य करने वाले गिरदावरों के विरूद्ध 35 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर विभागीय जाँच की जा रही है, 11 को निलंबित भी किया गया है एवं 35 के विरूद्ध विभागीय जाँच चल रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

शासन द्वारा नियमित रूप से कार्रवाई कर जिलों में राहत राशि में गड़बड़ी करने वालों से वसूली भी की जा रही है। देवास में 1 करोड़ 24 लाख 15 हजार रूपये, छतरपुर में 34 लाख 47 हजार 693 रूपये, खण्डवा में 11 लाख 61 हजार 619 रूपये, मंदसौर में 64 लाख 54 हजार 524 रूपये, रायसेन में 69 लाख 17 हजार 696 रूपये, सतना में 20 लाख 71 हजार 214 रूपये की वसूली की गई है। विदिशा में 40 लाख 19 हजार 796 रूपये एवं श्योपुर में 11 लाख 5 हजार 674 रूपये की वसूली की जा रही है। भिण्ड में 97 लाख 96 हजार रूपये की वसूली की जाकर 33 लाख रूपये की राशि पात्र किसानों को वापस की गई है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )