मध्यप्रदेश: गेहूं, चना, मसूर के ई-उपार्जन व सरसों भावांतर योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कराएं किसान
03 मार्च 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: गेहूं, चना, मसूर के ई-उपार्जन व सरसों भावांतर योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कराएं किसान – मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के कलेक्टर अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में उप संचालक कृषि के.एस. खपेडिया द्वारा जिले के समस्त किसानों से अपील की गई है कि वे गेहूं, चना एवं मसूर के ई-उपार्जन तथा सरसों के लिए भावांतर योजना अंतर्गत अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराएं, ताकि शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ उन्हें समय पर प्राप्त हो सके। गेहूं पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित है, जबकि चना एवं मसूर के पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च है। भावांतर योजना अंतर्गत सरसों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 तय की गई है।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि जिले का कोई भी पात्र किसान उपार्जन एवं भावांतर प्रक्रिया से वंचित न रहे। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 113 पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर किसान अपना पंजीयन करा सकते हैं।
निःशुल्क पंजीयन की व्यवस्था सहकारी समितियों, सहकारी विपणन संस्थाओं, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर की गई है। पूर्व वर्षों की भांति सहकारी समितियों द्वारा भी पंजीयन किया जा रहा है। सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसानों के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं विपणन सहकारी संस्था स्तर पर स्थापित केंद्रों पर उपलब्ध होगी।
इसके अतिरिक्त एमपी ऑनलाइन, कियोस्क, लोकसेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर तथा निजी साइबर कैफे के माध्यम से 50 रुपये शुल्क के साथ भी पंजीयन कराया जा सकता है।
उप संचालक कृषि के.एस. खपेडिया ने किसानों से अनुरोध किया है कि वे पंजीयन हेतु आवश्यक दस्तावेज जैसे खसरा-खतौनी, आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं बैंक खाते का विवरण साथ लेकर निर्धारित केंद्रों पर समय पर उपस्थित हों, ताकि प्रक्रिया सुगमता से पूर्ण हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा ई-उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। अधिक जानकारी के लिए कंट्रोल रूम दूरभाष क्रमांक 07592-233153 पर संपर्क किया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

