मध्यप्रदेश: इटैलियन गाजर की खेती से लखपति बने देवास के किसान, एक सीजन में कमाया 5 लाख का मोटा मुनाफा
28 मई 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश: इटैलियन गाजर की खेती से लखपति बने देवास के किसान, एक सीजन में कमाया 5 लाख का मोटा मुनाफा – पारंपरिक खेती से हटकर आधुनिक तकनीकों और उद्यानिकी फसलों को अपनाने से किसानों की आय में बड़ा बदलाव आ सकता है। इसका जीवंत उदाहरण देवास जिले के प्रगतिशील किसान बलराम मीणा ने पेश किया है। जिले की खातेगांव तहसील के ग्राम बंडी निवासी किसान श्री बलराम मीणा ने इटैलियन गाजर की खेती कर एक ही सीजन में 5 लाख रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।
‘प्रमोशन ऑफ एग्जॉटिक क्रॉप’ योजना का मिला लाभ
किसान बलराम मीणा ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत संचालित ‘प्रमोशन ऑफ एग्जॉटिक क्रॉप’ योजना का लाभ लिया। विभागीय मार्गदर्शन में उन्होंने 2 हेक्टेयर क्षेत्र में उन्नत किस्म की इटैलियन गाजर की बुआई की।
उन्नत कृषि प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उन्हें फसल का बेहतर उत्पादन प्राप्त हुआ, जिससे उनकी आय लाखों रुपये तक पहुंच गई। किसान की इस सफलता को क्षेत्र में आधुनिक खेती के सफल मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।
स्प्रिंकलर सिस्टम से की सिंचाई
बलराम मीणा ने फसल की सिंचाई के लिए पारंपरिक पद्धति के बजाय आधुनिक स्प्रिंकलर सिस्टम अपनाया। इससे पानी की बचत होने के साथ फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सुधार हुआ।
किसान का कहना है कि आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने से लागत में कमी आई और जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिला। यह पहल शासन की जल संरक्षण नीति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का उदाहरण बन रही है।
दूसरे किसानों के लिए बने प्रेरणा
उद्यानिकी विभाग की योजना से लाभान्वित होकर आर्थिक रूप से मजबूत बने किसान श्री बलराम मीणा अब क्षेत्र के अन्य किसानों को भी पारंपरिक फसलों से आगे बढ़कर उद्यानिकी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
वे खातेगांव तहसील के किसानों को अधिक लाभ देने वाली फसलों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के बारे में जागरूक कर रहे हैं, ताकि किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन और अधिक आय प्राप्त कर सकें।
सरकार की योजनाओं का जताया आभार
अपनी सफलता पर किसान बलराम मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के कारण आज छोटे और मध्यम किसान भी आत्मनिर्भर और समृद्ध बन रहे हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

