Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन एवं संवर्धन योजना” को दी मंजूरी

08 मई 2023, भोपाल: मध्य प्रदेश कैबिनेट ने कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन एवं संवर्धन योजना” को दी मंजूरी – मध्यप्रदेश में राज्य सरकार ने गत सप्ताह कैबिनेट बैठक के दौरान “कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का गठन एवं संवर्धन योजना” को स्वीकृति दे दी हैं।

कृषि मंत्री कमल पटेल ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश के किसानों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को समृद्ध करने के लिये बनाई गई नवीन “कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का गठन एवं संवर्धन योजना” बहुत लाभदायक साबित होगी।

श्री पटेल ने बताया कि प्रदेश में प्रत्येक विकासखण्ड में न्यूनतम 2 कृषक उत्पादक संगठन के गठन को प्रोत्साहित करने के लिये नवीन योजना बनाई गई है। योजना का संचालन कृषि विभाग द्वारा किया जायेगा। योजना में गठित होने वाले एफपीओ को हेण्ड होल्डिंग प्रदान की जायेगी। इससे एफपीओ के सदस्यों को गुणवत्तापूर्ण आदान एवं उन्नत कृषि यंत्र के साथ ही पोस्ट हॉर्वेस्ट तकनीक के उपयोग में सहायता मिलेगी। मंत्री श्री पटेल ने बताया है कि एफपीओ को बाजार से जोड़ा जायेगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

मंत्री श्री पटेल ने बताया कि वर्ष 2025 तक संचालित होने वाली इस योजना में कुल 50 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। इसमें वर्ष 2023-24 के लिये 20 करोड़ 99 लाख एवं वर्ष 2024-25 के लिये 29 करोड़ एक लाख रूपये का प्रावधान किया गया है। योजना में 3 वर्षों के लिये प्रति एफपीओ अधिकतम 18 लाख रूपये प्रदान किये जायेंगे। एफपीओ को इक्विटी अनुदान के रूप में प्रति किसान 2 हजार रूपये अधिकतम 15 लाख रूपये प्रदान किये जायेंगे। कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में गठित राज्य स्तरीय क्रियान्वयन समिति द्वारा योजना का क्रियान्वयन किया जायेगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )