राज्य कृषि समाचार (State News)

विदिशा जिले में कृषि रथ से 4,656 गांवों के 17,469 किसान हुए लाभान्वित

25 फरवरी 2026, विदिशाविदिशा जिले में कृषि रथ से 4,656 गांवों के 17,469 किसान हुए लाभान्वित – किसानों को आधुनिक खेती, प्राकृतिक कृषि तकनीकों एवं शासन की योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिले में 20 जनवरी से 19 फरवरी  तक कृषि रथ अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के तहत जिले के सभी विकास खंडों में व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित कर किसानों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान जिले में कुल 462 शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 4,656 ग्रामों तक कृषि रथ पहुंचा। इन शिविरों में 17,469 किसानों ने सहभागिता कर उन्नत कृषि तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अभियान में 122 कृषि वैज्ञानिकों ने उपस्थित होकर किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, उत्पादन बढ़ाने एवं लागत कम करने के उपाय बताए। विकासखंडवार प्रगति के अनुसार विदिशा विकासखंड में 66 शिविरों के माध्यम से 780 ग्रामों के 2,608 किसानों को लाभान्वित किया गया। बासौदा में 733 ग्रामों के 2,530, कुरवाई में 739 ग्रामों के 2,454, सिरोंज में 610 ग्रामों के 2,459, ग्यारसपुर में 473 ग्रामों के 2,350, नटेरन में 765 ग्रामों के 2,551 तथा लटेरी में 556 ग्रामों के 2,517 किसानों ने अभियान में भाग लिया।

अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए गए। जिले में 1,231 हेक्टेयर क्षेत्र में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही 1,004 किसानों द्वारा नरवाई जलाने के बजाय उसका वैज्ञानिक प्रबंधन किया गया तथा 17,400 किसानों को रबी फसल के संबंध में जागरूक किया गया।इसके अलावा 3,016 किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई तथा 1,570 किसानों के खेतों में जैविक खाद एवं जीवामृत के उपयोग को बढ़ावा दिया गया। 3,512 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल विविधीकरण किया गया तथा 6,914 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। कृषि रथ अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए भी आवेदन प्राप्त किए गए। इनमें आयुष्मान कार्ड के लिए 190, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए 213, पीएम किसान योजना के लिए 423 तथा फार्म आईडी एवं ई-केवाईसी के लिए 160 आवेदन प्राप्त हुए। कुल 986 किसानों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। कृषि विभाग के उप संचालक श्री केएस खपेडिया ने बताया कि कृषि रथ अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों से जोड़ना, उत्पादन बढ़ाना एवं उन्हें शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना है। इस अभियान से किसानों में जागरूकता बढ़ी है और उन्हें खेती में नई तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा मिली है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements