झाबुआ: दुग्ध समितियों के 30 सदस्य तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए उज्जैन रवाना
12 सितंबर 2026, झाबुआ: झाबुआ: दुग्ध समितियों के 30 सदस्य तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए उज्जैन रवाना – राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (NPDDP) योजना के तहत इंदौर दुग्ध संघ से संबद्ध दुग्ध संयंत्र झाबुआ के अंतर्गत गठित नई दुग्ध समितियों की प्रबंधकारिणी के 30 सदस्यों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण के लिए उज्जैन दुग्ध संघ भेजा गया है। प्रशिक्षण दल की बस को पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक अमरसिंह दिवाकर, दुग्ध संघ प्रबंधक सोहनसिंह कनेश, अरविंद नागर, सुपरवाइजर उमेश दातला एवं प्रताप बामनिया तथा चेतना समूह के प्रबंधक अजहर खान ने हरी झंडी दिखाकर उज्जैन के लिए रवाना किया। प्रशिक्षण दल का नेतृत्व दीपसिंह अमलियार कर रहे हैं।
स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन की दी जाएगी जानकारी
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान दुग्ध समितियों के सदस्यों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन, दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों, दूध संग्रहण और प्रबंधन सहित डेयरी व्यवसाय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थियों को उज्जैन दुग्ध संघ का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान उन्हें दूध संकलन, प्रसंस्करण और विपणन की कार्यप्रणाली के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
उत्कृष्ट दुग्ध समितियों का भी होगा भ्रमण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट दुग्ध समितियों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इससे समिति के सदस्य वहां अपनाई जा रही बेहतर कार्यप्रणालियों और नवाचारों को समझ सकेंगे और उन्हें अपनी समितियों में अपनाने का प्रयास कर सकेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य नई दुग्ध समितियों के प्रबंधकारिणी सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाना, पशुपालकों को स्वच्छ दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना और दूध उत्पादन एवं गुणवत्ता बढ़ाकर उनकी आय में वृद्धि करने में सहयोग देना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


