छोटे किसानों को खुशखबरी! 3 एकड़ तक खेती के लिए फ्री मिलेगा ट्रैक्टर, जानें योजना की पूरी जानकारी
10 सितंबर 2026, भोपाल: छोटे किसानों को खुशखबरी! 3 एकड़ तक खेती के लिए फ्री मिलेगा ट्रैक्टर, जानें योजना की पूरी जानकारी – कर्नाटक सरकार ने छोटे और जरूरतमंद किसानों की मदद के लिए मुख्यमंत्री ‘नेगिला योगी’ योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत तीन एकड़ तक जमीन वाले किसानों को खेती के लिए मुफ्त ट्रैक्टर सेवा और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। सरकार इसके लिए निजी ट्रैक्टर मालिकों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर जरूरतमंद किसानों के खेतों में उनका इस्तेमाल करेगी।
उप-मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि राज्य के कई गांवों में कुछ किसानों के पास अपने ट्रैक्टर हैं। अपनी खेती का काम पूरा होने के बाद इन ट्रैक्टरों का इस्तेमाल नहीं हो पाता। ऐसे ट्रैक्टरों को सरकार किराए पर लेकर दूसरे जरूरतमंद किसानों के खेती संबंधी काम में इस्तेमाल करेगी।
जहां ट्रैक्टर नहीं होंगे, वहां सरकार करेगी इंतजाम
सरकार के अनुसार, अगर किसी गांव में ट्रैक्टर उपलब्ध नहीं हैं, तो दूसरे इलाकों से ट्रैक्टर की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत अधिक होने पर सरकार 500 से 1,000 ट्रैक्टर खरीदने पर भी विचार कर सकती है। इस योजना के लिए सरकार ने पहले ही 152 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। शुरुआत में योजना को 31 तालुकों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाएगा। चुने गए प्रत्येक तालुके में एक प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। योजना के सफल रहने पर अगले साल इसे राज्य के बाकी तालुकों तक बढ़ाने की तैयारी है।
छोटे किसानों की लागत घटाने पर जोर
कर्नाटक सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य छोटे किसानों की खेती की लागत कम करना, कृषि उत्पादन बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है। राज्य में करीब 59 लाख किसान हैं और इस योजना से खास तौर पर छोटे किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
आपदा प्रबंधन में ड्रोन और AI का इस्तेमाल
कर्नाटक सरकार ने आपदा प्रबंधन में भी आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने का फैसला किया है। इसके तहत ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सैटेलाइट इमेजिंग और रोबोटिक्स जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। बाढ़, भूस्खलन और दूसरी आपदाओं के दौरान तेजी से जानकारी जुटाने, जोखिम वाले इलाकों में बचाव कार्य करने और समय पर चेतावनी देने पर जोर रहेगा। इसके अलावा जियोस्पेशियल एनालिटिक्स, AI आधारित निर्णय प्रणाली, अर्ली वार्निंग सिस्टम और आखिरी छोर तक संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।
चिक्काबल्लापुर में बनेगी ड्रोन टेस्टिंग फैसिलिटी
सरकार ने चिक्काबल्लापुर में ड्रोन टेस्टिंग फैसिलिटी बनाने का भी फैसला किया है। उप-मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर के मुताबिक, यह देश में अपनी तरह की पहली सुविधा हो सकती है। यहां ड्रोन की टेस्टिंग केवल लैब तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि फील्ड में भी ड्रोन का परीक्षण किया जाएगा। परमेश्वर ने कहा कि आने वाले समय में ड्रोन का इस्तेमाल दवा पहुंचाने, लोगों को कम दूरी तक ले जाने और दूसरे जरूरी कामों में बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए सरकार इस तकनीक को पहले से अपनाने की तैयारी कर रही है।
कर्नाटक सरकार का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य छोटे किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, खेती का खर्च कम करना और नई तकनीक को बढ़ावा देना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

