राज्य कृषि समाचार (State News)

उन्नत बीज और वैज्ञानिक खेती की जानकारी लेने करनाल पहुंचे विदिशा के कृषक, मिला आधुनिक कृषि का अनुभव

21 जनवरी 2026, भोपाल: उन्नत बीज और वैज्ञानिक खेती की जानकारी लेने करनाल पहुंचे विदिशा के कृषक, मिला आधुनिक कृषि का अनुभव – आत्मा परियोजना के अंतर्गत राज्य के बाहर कृषक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान आज विदिशा जिले के कृषकों ने हरियाणा के करनाल स्थित राष्ट्रीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान का शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज किस्मों तथा वैज्ञानिक खेती की नवीन जानकारी से अवगत कराना रहा।

 संस्थान में विशेषज्ञ वैज्ञानिक डॉ. मंगल सिंह द्वारा कृषकों को गेहूं की उन्नत एवं उच्च उत्पादन क्षमता वाली किस्मों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही फसलों के प्रक्षेत्र (डेमो प्लॉट) का भ्रमण कराते हुए बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन, रोग नियंत्रण एवं उत्पादन बढ़ाने की वैज्ञानिक विधियों को सरल भाषा में समझाया गया।

इस अवसर पर विदिशा जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कृषकों के साथ जिला पंचायत सदस्य श्री रामनरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने कृषकों को इस प्रकार के अध्ययन भ्रमणों को अपनाकर नवाचारों को अपने खेतों में लागू करने हेतु प्रेरित किया।कृषक भ्रमण कार्यक्रम विदिशा जिले के किसानों के लिए ज्ञान, अनुभव और आत्मविश्वास बढ़ाने का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।जिससे वे उन्नत तकनीकों को अपनाकर कृषि उत्पादन एवं आय में वृद्धि की दिशा में सार्थक कदम सुगमता से उठा सकेंगे।

किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री केएस खपड़िया ने बताया कि प्रशिक्षित कृषक दल 23 जनवरी को वापस विदिशा आएगा। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन ष्आत्माष् वर्ष 2025-26 अंतर्गत राज्य के बाहर कृषक भ्रमण कार्यक्रम तहत जिला विदिशा से भ्रमण एवं अवलोकन हेतु नोडल अधिकारी श्री अशोक रघुवंशी, ए.टी.एम, विकासखण्ड विदिशा के साथ जिले से कुल 21 कृषकों का पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। भ्रमण संस्थान में प्रत्यक्ष अवलोकन कराने हेतु वैज्ञानिक व अधिकृत सहायक के द्वारा कृषक भ्रमण दल के रात्रि विश्राम हेतु अपने संस्थान का विश्राम गृह निर्धारित तिथियों के लिये आरक्षित किया गया है।

 भ्रमण कार्यकम
आत्मा किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के परियोजना संचालक श्री केएस खपड़िया ने बताया कि  प्रशिक्षित कृषक दल दो दिन करनाल में गन्ना अनुसंधान केन्द्र, और एन.डी.आर.आई करनाल, के.वी.के.का भ्रमण तथा लुधियाना में  गेहूं अनुसंधान निदेशालय करनाल का एवं सीफेट लुधियाना का भ्रमण और अंतिम दिन पंजाब कृषि विश्वविद्यालय का भ्रमण उपरांत विदिशा जिले के वापसी का कार्यक्रम निर्धारित है। भ्रमण कर हुए नवाचारों से जिले के कृषक बंधु अवगत हो कर उनका क्रियान्वयन करेंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements