खरगोन में कृषि आदान विक्रेता संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न
05 मार्च 2026, खरगोन: खरगोन में कृषि आदान विक्रेता संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न – कृषि आदान विक्रेता संघ द्वारा खरगोन में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्री मानसिंह राजपूत , प्रदेश सचिव श्री संजय रघुवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण दुबे तथा प्रदेश सदस्यता प्रभारी श्री विनोद जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा जिलाध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह चावला सहित अन्य पदाधिकारी एवं जिले भर से बड़ी संख्या में कृषि आदान विक्रेता शामिल हुए। प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने व्यापारियों को वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों, शासन के नए नियमों तथा संगठन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 350 से अधिक व्यापारी उपस्थित थे।
श्री राजपूत ने कहा कि वर्तमान समय में शासन द्वारा व्यापार से संबंधित कई सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं, जिनसे भविष्य में व्यापारियों के सामने कठिन परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। यदि समय रहते व्यापारी संगठित नहीं हुए, तो छोटे व्यापारियों के सामने व्यापार बंद होने जैसी स्थिति भी आ सकती है। उन्होंने संगठन की एकजुटता को व्यापारियों की सबसे बड़ी ताकत बताया। वहीं श्री रघुवंशी ने व्यापारियों से संगठन के निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन लेनदेन से सावधानी बरतते हुए जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन को मजबूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने खाद, बीज और कीटनाशक के नमूने फेल होने की स्थिति में बचाव के उपायों तथा संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया संगठन और प्रदेश संगठन द्वारा पिछले सात वर्षों में किए गए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
श्री जैन ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक व्यापारियों को सदस्यता अभियान से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी बीज या दवाई का एक लॉट फेल होता है, तो केवल उसी लॉट को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए, न कि पूरे लाइसेंस को, क्योंकि इससे व्यापारी और उनका परिवार प्रभावित होता है।
श्री दुबे ने व्यापारियों से सदस्यता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि भविष्य में सीड एक्ट और पेस्टिसाइड मैनेजमेंट बिल के विरोध में न्यायालय में याचिका दायर की जाती है ,तो केवल पंजीकृत सदस्यों को ही उसका लाभ मिल सकेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से इन कानूनों में संशोधन करने की मांग भी की। जिलाध्यक्ष श्री चावला ने बताया कि खरगोन जिले में लगभग 1400 कृषि आदान से जुड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। संगठन का लक्ष्य है कि सभी प्रतिष्ठानों को सक्रिय सदस्य बनाया जाए। इसके लिए जल्द ही जिलेभर में चरणबद्ध सदस्यता अभियान चलाया जाएगा तथा तहसील स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।इस अवसर पर कई व्यापारियों ने राष्ट्रीय संगठन की सदस्यता ग्रहण की। प्रारंभ में श्री चावला, श्री राजेंद्र पाटीदार एवं अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्री राजू पाटीदार द्वारा किया गया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

