राज्य कृषि समाचार (State News)

देवास: कृषि रथ के माध्यम से कृषकों से संवाद जारी      

10 फरवरी 2026, देवास देवास: कृषि रथ के माध्यम से कृषकों से संवाद जारी – उपसंचालक कृषि ने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष–2026 अंतर्गत जिले में कृषि एवं उससे सम्बद्ध विभागों के अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा ‘कृषि रथ’ के माध्यम से निरंतर ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर कृषकों से सीधा संवाद किया जा रहा है।

 इसी क्रम में रविवार को कृषि रथ ग्राम पंचायत सोंडा, ग्राम पंचायत आगरोद एवं ग्राम पंचायत बगाना पहुँचा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के संयुक्त दल ने उपस्थित कृषकों से परस्पर संवाद कर शासन की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं एवं नवीन तकनीकों की जानकारी दी। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा नरवाई न जलाने की अपील करते हुए इसके मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के संबंध में कृषकों को जागरूक किया । साथ ही उर्वरक वितरण की नवीन ई-टोकन प्रणाली की प्रक्रिया एवं लाभों की जानकारी प्रदान की।

संवाद के दौरान फसल विविधीकरण, बाजार आधारित खेती पर कृषकों की निर्भरता को कम करने, भूमि में कार्बनिक पदार्थ एवं लाभदायक जीवाणुओं की उपयोगिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया तथा प्राकृतिक खेती अपनाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। उद्यानिकी विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजनान्तर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना के लिए उपलब्ध आसान ऋण सुविधाओं, फलोद्यान विकास सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।  

दीपज्योति किसान प्रोड्यूसर कंपनी, खेरखेड़ा (सतवास) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जैविक खेती एवं अग्निहोत्र के महत्व पर आधारित अपने व्यावहारिक अनुभव कृषकों के साथ साझा किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि श्री दीपक राव, श्री अंकेश राठौर, कृषि विस्तार अधिकारी, बीटीएम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषकों की सहभागिता रही, जिन्होंने जानकारी को उपयोगी बताते हुए शासन की पहल की सराहना की।  

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements