राज्य कृषि समाचार (State News)

दमोह कलेक्टर ने किया कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण

 सेवाओं में सुधार के संबंध में हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय

04 जून 2026, दमोह: दमोह कलेक्टर ने किया कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण – कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने  आकस्मिक रूप से कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में किसानों से सीधे संवाद कर उनकी  बातें  व समस्याएं सुनी। इसके पश्चात मंडी कार्यालय के सभा कक्ष में किसानों, व्यापारियों तथा हम्माल संघ के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मंडी की मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा किसानों को दी जाने वाली मूलभूत सेवाओं में सुधार के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ने  मंडी में अब तक  किसानों  से वसूले जा रहे 22 रुपये प्रति बैग शुल्क को घटाकर 9 रुपये 50 पैसे प्रति बेग करने का निर्णय हुआ। कलेक्टर श्री यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से इसके अतिरिक्त कोई अन्य राशि नहीं ली जाएगी। इसके अलावा शौचालय में प्रति व्यक्ति ₹10 वसूले जाने की जानकारी भी सामने आई, जबकि यह सुविधा शासन द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई गई है।  उन्होंने  इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए भविष्य में शासन के नियमों के अनुसार ही सभी तरह के शुल्क लेने के निर्देश दिए। मंडी परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने  क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडी की सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन के लिए यह कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।

किसानों को 5 रुपये में मिलेगा भोजन, विश्राम गृह रहेगा व्यवस्थित –   कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि किसानों को शासन की योजना के तहत ₹5 में भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा यदि किसान रुकना चाहें तो उनके लिए बेहतर आवास और विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने किसानों के विश्राम गृह और शौचालयों को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। श्री यादव ने शौचालय जाकर अवलोकन कर सुव्यवस्थित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी कैमरे से होगी सतत निगरानी –   मंडी में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई चोरी करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी कैमरे चालू हो, सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

व्यापारी, हम्माल और किसान प्रतिनिधियों की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय – मंडी में आयोजित बैठक में व्यापारियों, हम्माल संघ के पदाधिकारी, किसान प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सभी कार्य शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप होंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों की नियमित निगरानी, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई –  कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि मंडी में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए प्रशासक नियमित रूप से निरीक्षण करेंगे। यदि मंडी सचिव, इंजीनियर या अन्य जिम्मेदार अधिकारी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से सीधे संवाद की पहल –  कलेक्टर ने किसानों से कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी एसडीएम को दें। एसडीएम का संपर्क नंबर मंडी परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा। यदि फिर भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो किसान कलेक्टर के फेसबुक पेज पर अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज कर सकते हैं, जहां उनकी टीम लगातार निगरानी कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करती है।

मंडी को प्रदेश की आदर्श मंडी बनाने का आह्वान –  कलेक्टर श्री यादव  ने व्यापारियों, हम्मालों, किसानों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सभी मिलकर मंडी की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें, ताकि यह मंडी प्रदेश की उत्कृष्ट और आदर्श मंडियों में शामिल हो सके।

कलेक्टर ने  कैंटीन  पहुंचकर  लिया जायजा,-  कलेक्टर श्री यादव ने  किसानों  से भोजन नाश्ता की जानकारी ली और शिकायत मिलने पर सीधे केंटीन  किसानों  के साथ पहुंचे  और  किसानों को भोजन परोसवाया, जो नाश्ता करना चाहते थे, उन्हें नाश्ता करवाया और खुद भी समोसा चखा, कैंटीन संचालक को हिदायत दी गुणवत्ता से समझौता  नहीं  किया जायेगा। साथ ही मण्डी सचिव को भोजन-नाश्ते का बिल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल शुद्ध मिले – मंडी परिसर में स्थापित पेयजल स्थल पर  पहुंचे , उसका सेम्पल करवाया और सचिव को हिदायत दी स्वच्छ पेयजल मिले सुनिश्चित किया जाये।

सचिव को हिदायत व्यवस्था  सुदृढ़ रहेअन्यथा होगी कड़ी कार्यवाही –  कलेक्टर ने इस आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मण्डी सचिव को साफतौर पर कहा व्यवस्था  सुदृढ़  सुनिश्चित करे अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहे।  उन्होंने  कहा  किसानों के हित में कोताही पर कड़ी कार्रवाई होगी।  

सभी शेड में रहे सुरक्षा कर्मी –  कलेक्टर श्री यादव ने मंडी सचिव से कहा पर्याप्त सुरक्षा कर्मी  है, सभी शेड पर एक सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और व्यवस्था सम्भाले, इसमें किसी भी तरह की शिकायत  बर्दाश्त  नहीं  की जायेगी।

एनाउंसमेंट सिस्टम  सुदृढ़ रहे –  भ्रमण के दौरान एनाउसमेंट सिस्टम अच्छा नही पाये जाने पर सख्त हिदायत दी गई कि यह सिस्टम अच्छा क्वालिटी का हो तय किया जाए ।

थाना प्रभारी को हिदायत पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहे –  कलेक्टर  द्वारा  थाना प्रभारी को मंडी में बुलाया गया।  उन्होंने  कहा यहां पर  किसानों  का अनाज चोरी होने की बात आई है, पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाये।

 किसानों  को अब होगी प्रति क्विंटल लगभग 25 रुपये की बचत – कलेक्टर की  इस आकस्मिक विजिट से जहां  किसानों  को करीब 25 रुपये प्रति क्विंटल तुलाई आदि कार्य में बचत होगी। इस निर्णय से  किसानों  में खुशी का माहौल छा गया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements