राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा : संचालक कृषि ने किया कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण

15 सितंबर 2026, छिंदवाड़ाछिंदवाड़ा : संचालक कृषि ने किया कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण – किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संचालक श्री उमाशंकर भार्गव ने शनिवार को जिले के विकासखंड छिंदवाड़ा अंतर्गत ग्राम रामगढ़ी स्थित कस्टम हायरिंग सेंटर का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध विभिन्न कृषि यंत्रों का अवलोकन किया तथा उनके उपयोग, संचालन एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही कृषि यंत्र सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

संचालक श्री भार्गव ने कस्टम हायरिंग सेंटर के संचालक श्री चंद्रभान रघुवंशी से केंद्र की स्थापना, उपलब्ध कृषि यंत्रों, उनके उपयोग एवं किसानों को प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। केंद्र संचालक ने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना वर्ष 2022-23 में कृषि अभियांत्रिकी विभाग की निजी कस्टम हायरिंग केंद्र योजना अंतर्गत की गई थी। इसके माध्यम से विभाग द्वारा 9,11,000 रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है। श्री रघुवंशी ने केंद्र की आय, संचालन व्यवस्था, वार्षिक लाभ-प्राप्ति तथा कृषि यंत्रों के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी।

इस अवसर पर संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग श्री भार्गव ने कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने तथा किसानों को आवश्यकता के अनुसार आधुनिक कृषि यंत्र उचित दरों पर उपलब्ध कराने में कस्टम हायरिंग सेंटर की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कृषि यंत्रों के अधिकतम उपयोग एवं क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ, परियोजना संचालक आत्मा श्री धीरज ठाकुर, सहायक कृषि यंत्री सुश्री अश्विनी सिंह, एसडीओ कृषि छिंदवाड़ा श्री नीलकंठ पटवारी, एसएडीओ श्री संजय नरवारे, कृषि विभाग का मैदानी अमला तथा क्षेत्र के प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture