छत्तीसगढ़: मिलेट्स की वैज्ञानिक खेती सीखेंगे जशपुर के किसान, झारखंड के गुमला रवाना हुआ कृषक दल
09 सितंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़: मिलेट्स की वैज्ञानिक खेती सीखेंगे जशपुर के किसान, झारखंड के गुमला रवाना हुआ कृषक दल- प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत चयनित जशपुर जिले में कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कृषि विभाग की ओर से आत्मा योजना के अंतर्गत राज्य के बाहर कृषक भ्रमण-सह-मिलेट्स प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के किसानों का दल मिलेट्स की उन्नत एवं वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण लेने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, गुमला (झारखंड) रवाना हुआ।
कृषक दल को जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति, जिला पंचायत जशपुर के सभापति गेंद बिहारी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जशपुर की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां मिलेट्स की खेती के लिए अनुकूल हैं। जिले में रागी, कोदो और कुटकी जैसे पौष्टिक अनाजों की खेती की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक उत्पादन तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन व्यवस्था को अपनाकर किसान मिलेट्स की खेती से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण के दौरान मिलने वाली तकनीकी जानकारियों को गंभीरता से सीखकर अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी और अनुभवों को गांव के अन्य किसानों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि तकनीकों का अधिक से अधिक किसानों तक विस्तार होने से जिले में मिलेट्स की खेती को नई गति मिलेगी।
उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक तकनीकों की मिलेगी जानकारी
कृषक भ्रमण-सह-प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मिलेट्स की उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बीज उत्पादन, पोषक तत्व प्रबंधन तथा फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
किसानों को मिलेट्स के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन के आधुनिक तरीकों से भी अवगत कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान किसान गुमला क्षेत्र में मिलेट्स की खेती से जुड़े सफल प्रयासों और उन्नत कृषि पद्धतियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे। इससे किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
फसल विविधीकरण और आय बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत आयोजित यह एक्सपोजर विजिट किसानों को सफल कृषि मॉडलों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जशपुर जिले में मिलेट्स के रकबे और उत्पादकता में वृद्धि के साथ फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा किसानों को आय के नए अवसर मिलेंगे और वे पारंपरिक खेती के साथ पौष्टिक एवं बाजार की दृष्टि से संभावनाशील फसलों की उन्नत खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

