HDPS तकनीक से कपास की खेती में बेहतर परिणाम, एक पौधे में 35-40 फूल-बोंडे; 30-35% अधिक उत्पादन की उम्मीद
05 सितंबर 2026, भोपाल: HDPS तकनीक से कपास की खेती में बेहतर परिणाम, एक पौधे में 35-40 फूल-बोंडे; 30-35% अधिक उत्पादन की उम्मीद – मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर तहसील के ग्राम जगन्नाथपुरा में सघन घनत्व रोपण प्रणाली (High Density Planting System-HDPS) से लगाई गई कपास की फसल बेहतर स्थिति में है। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कृषक श्री दिनेश पिता नाथा जी के खेत पहुंचकर फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसल की वर्तमान स्थिति, पौधों की वृद्धि, फूल एवं बोंड की स्थिति तथा HDPS प्रणाली से किसानों को होने वाले संभावित लाभों की जानकारी ली।
एक पौधे में 35 से 40 फूल और बोंडे
कृषक श्री दिनेश को कृषि विभाग द्वारा सघन कपास मिशन के अंतर्गत Bio Seed 6001 किस्म का कपास बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया था। किसान ने एक हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 7.5 किलोग्राम यानी 15 पैकेट बीज का उपयोग करते हुए 28 जून 2026 को HDPS प्रणाली से कपास की बोवनी की। निरीक्षण के दौरान खेत में कपास की फसल की स्थिति अच्छी पाई गई। पौधों में अच्छी वृद्धि के साथ पर्याप्त संख्या में फूल एवं बोंडे लगे हुए हैं। कृषक ने बताया कि वर्तमान में प्रत्येक पौधे में लगभग 35 से 40 फूल एवं घेंटा लगे हैं। उन्होंने बताया कि HDPS प्रणाली अपनाने से सामान्य पद्धति की तुलना में लगभग 30 से 35 प्रतिशत अधिक उत्पादन मिलने की उम्मीद है। किसान के अनुसार एक एकड़ क्षेत्र में लगभग 16 क्विंटल कपास उत्पादन होने की संभावना है।
कम हुआ कीटनाशक का खर्च
कृषक ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया Bio Seed 6001 बीज गुणवत्ता की दृष्टि से अच्छा रहा और इससे फसल की स्थिति भी बेहतर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इस कपास फसल में रस चूसक कीटों का प्रकोप अन्य किस्मों की अपेक्षा कम रहा। इसके कारण कीटनाशकों के अपेक्षाकृत कम छिड़काव की आवश्यकता पड़ी, जिससे कृषि लागत में कमी आई है। कृषक ने सघन घनत्व रोपण प्रणाली को कपास उत्पादन के लिए उपयोगी बताते हुए इसे अन्य किसानों तक भी पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कलेक्टर को सुझाव दिया कि यदि कपास बीज की व्यवस्था अप्रैल माह में ही कर दी जाए तो किसानों को समय पर तैयारी करने और निर्धारित समय पर बोवनी करने में अधिक सुविधा होगी।
किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने खेत का अवलोकन करते हुए कृषि अधिकारियों से सघन कपास मिशन के अंतर्गत किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी ली। उन्होंने कृषक से सीधे चर्चा कर फसल की स्थिति और HDPS प्रणाली के परिणामों का जायजा लिया। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने तथा उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
सघन घनत्व रोपण प्रणाली का उद्देश्य सीमित क्षेत्र में पौधों की संख्या बढ़ाकर कपास की उत्पादकता में वृद्धि करना, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना तथा उत्पादन लागत को नियंत्रित करना है। निरीक्षण के दौरान उप संचालक किसान कल्याण श्री विजय चौरासिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रमोद गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

