कृषि कंपनी समाचार (Industry News)राज्य कृषि समाचार (State News)

बीएएसएफ ने मध्य प्रदेश में ‘सुरक्षा हमेशा – कृषक जागरूकता यात्रा’ का किया शुभारंभ

फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति किसानों को किया जाएगा जागरूक

15 जुलाई 2026, भोपालबीएएसएफ ने मध्य प्रदेश में ‘सुरक्षा हमेशा – कृषक जागरूकता यात्रा’ का किया शुभारंभ – वैश्विक कृषि समाधान कंपनी बीएएसएफ एग्रीकल्चरल सॉल्यूशंस ने मध्य प्रदेश कृषि विभाग के सहयोग से  भोपाल जिले के ग्राम शोभापुर से ‘सुरक्षा हमेशा – कृषक जागरूकता यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भोपाल कृषि विभाग की उप संचालक (डीडीए) डॉ. सुमन प्रसाद, अखिल भारतीय कृषि विक्रेता संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मानसिंह राजपूत, बीएएसएफ एग्रो के निदेशक श्री गिरिधर जी तथा बीएएसएफ मध्य प्रदेश के बिजनेस मैनेजर श्री योगेंद्र सिंह राठौड़ सहित अनेक किसान, कृषि विक्रेता एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य किसानों के बीच फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी जागरूकता को सशक्त बनाना है।

भारत में अनेक किसानों को फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित उपयोग, उचित जानकारी, व्यावहारिक मार्गदर्शन तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के सही उपयोग एवं उपलब्धता के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए बीएएसएफ ने इस मोबाइल जागरूकता अभियान की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों तक सीधे पहुँचकर उन्हें सुरक्षित कृषि पद्धतियों के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।

‘सुरक्षा हमेशा – कृषक जागरूकता यात्रा’ के अंतर्गत विशेष रूप से तैयार किए गए 6 जागरूकता वाहन मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों का 30 दिनों तक भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसानों एवं स्प्रे ऑपरेटरों को जिम्मेदार उपयोग के नौ महत्वपूर्ण चरण (नाइन स्टेप्स ऑफ रिस्पॉन्सिबल यूज़), फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित भंडारण, सही मात्रा एवं सही विधि से उपयोग, खाली पैकेजिंग के सुरक्षित निपटान तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

बीएएसएफ का प्रमुख ‘सुरक्षा हमेशा’ कार्यक्रम कई वर्षों से किसानों एवं स्प्रे ऑपरेटरों को फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रशिक्षित करता आ रहा है। कंपनी का मानना है कि प्रत्येक किसान—चाहे उसकी जोत का आकार छोटा हो या बड़ा—सुरक्षित कृषि कार्य करने तथा स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाव का अधिकार रखता है।

बीएएसएफ एग्रीकल्चरल सॉल्यूशंस का उद्देश्य नवीन कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक जानकारी एवं जिम्मेदार कृषि पद्धतियों के माध्यम से किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा तथा सतत कृषि विकास को भी सुनिश्चित करना है। ‘सुरक्षा हमेशा – कृषक जागरूकता यात्रा’ इसी दिशा में कंपनी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture