चित्तौड़गढ़ में कृषि पुरस्कारों के लिए आवेदन शुरू, उत्कृष्ट किसानों को मिलेगा ₹50 हजार तक पुरस्कार
07 अगस्त 2026, चित्तौड़गढ़: चित्तौड़गढ़ में कृषि पुरस्कारों के लिए आवेदन शुरू, उत्कृष्ट किसानों को मिलेगा ₹50 हजार तक पुरस्कार – आत्मा योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चित्तौड़गढ़ जिले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों से विभिन्न श्रेणियों के कृषक पुरस्कार हेतु 30 सितम्बर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य पालन, जैविक खेती, नवाचारी खेती तथा कृषि उत्पादों के खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कृषकों का चयन पंचायत समिति, जिला एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा।
₹50 हजार तक मिलेगा पुरस्कार
चयनित कृषकों को पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रुपये, जिला स्तर पर 25 हजार रुपये तथा राज्य स्तर पर 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। पंचायत समिति एवं जिला स्तर पर पुरस्कार के लिए कृषकों का चयन जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित आत्मा शासी परिषद द्वारा किया जाएगा।
ये किसान होंगे पात्र
आत्मा योजना अथवा अन्य किसी भी योजना के अंतर्गत वर्ष 2009-10 से वर्ष 2025-26 तक एक बार सम्मानित किए जा चुके कृषक वर्ष 2026-27 के पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे। इसी प्रकार, जिन कृषकों का चयन पूर्व में पंचायत समिति, जिला अथवा राज्य स्तर पर हो चुका है, उन्हें पुनः इस योजना के अंतर्गत पुरस्कार नहीं दिया जाएगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना के तहत कृषक स्वयं, निर्वाचित जनप्रतिनिधि अथवा कोई भी व्यक्ति या संस्था पात्र कृषक का नामांकन प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकती है। आवेदन के साथ कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का विस्तृत विवरण, संबंधित साक्ष्य, फोटोग्राफ, सीडी/डीवीडी अथवा अन्य आवश्यक सॉफ्ट कॉपी संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन पत्र में कृषक का नाम, पिता का नाम, पूर्ण पता, पंचायत समिति का नाम, जमाबंदी की प्रति, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड तथा उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न किए जाने होंगे। आवेदन कृषि विभाग अथवा ब्लॉक स्तरीय तकनीकी समिति की अभिशंषा सहित कार्यालय में प्रस्तुत करना आवश्यक है।
30 सितम्बर है आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक एवं पात्र कृषक अपने मनोनयन प्रस्ताव 30 सितम्बर 2026 तक कृषि पर्यवेक्षक अथवा सहायक कृषि अधिकारी के माध्यम से कार्यालय उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक, आत्मा, निम्बाहेड़ा रोड, चित्तौड़गढ़ में जमा करा सकते हैं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कृषक अपने क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षक अथवा ब्लॉक तकनीकी दल (बीटीटी) के संयोजक से संपर्क कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

