कृषि व्यवसाय इन्क्यूबेशन: खेती को उद्यम में बदलने की दिशा
लेखक: दिव्या राठौर, शशांत पवार, वी. भूषण बाबू, सुबीर कुमार चक्रवर्ती, भा.कृ.अनु.प. – केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल
23 जून 2026, भोपाल: कृषि व्यवसाय इन्क्यूबेशन: खेती को उद्यम में बदलने की दिशा – कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की अहम हिस्सा है, यह देश की 50 प्रतिशत जनसंख्या के आय का मुख्य स्त्रोत है तथा राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में लगभग 18 प्रतिशत का योगदान देती है। इसके बावजूद, भारतीय कृषि आज भी कई स्थायी संरचनात्मक चुनौतियों से घिरी हुई है, जैसे कम उत्पादकता, कटाई उपरांत हानियाँ, अपर्याप्त बाजार संपर्क तथा कृषि और गैर-कृषि परिवारों की आय के बीच व्यापक अंतर। लंबे समय तक भारतीय कृषि “उगाओ और बेचो” मॉडल पर चली है। किसान कच्चा माल पैदा करते हैं, लेकिन असली लाभ अक्सर प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और बाजार पहुंच वाले चरणों में चला जाता है। यही वजह है कि एक ही फसल अगर सीधे बेची जाए तो कम दाम मिलते हैं, लेकिन वही फसल प्रोसेस होकर या ब्रांडेड उत्पाद बनकर कई गुना मूल्य दे सकती है।
ऐसे में कृषि व्यवसाय उद्भवन (एग्रीबिज़नेस इन्क्यूबेशन) कृषि नवाचार और उसकी व्यावसायिक उपयोगिता के बीच की दूरी को कम करने वाला एक परिवर्तनकारी संस्थागत तंत्र बनकर उभरा है। यह तकनीकी मार्गदर्शन, पायलट स्तर की व्यवसाय विकास सेवाएँ तथा बाजार संपर्क सुविधा जैसे संरचित उद्यमिता समर्थन प्रदान करता है।
इन्क्यूबेशन क्या है –
इन्क्यूबेशन का सरल अर्थ है—किसी नए व्यवसाय को शुरुआती चरण में सहारा दे कर सशक्त बनाना। इसमें जगह, प्रशिक्षण, मेंटरशिप, नेटवर्किंग और वित्तीय सहायता भी शामिल होती है। जब यही मॉडल कृषि क्षेत्र पर लागू होता है, तो इसे एग्रीबिज़नेस इन्क्यूबेशन कहा जाता है। इसका उद्देश्य खेत से निकलने वाली तकनीक, उत्पादन और कच्चे माल को ऐसी इकाइयों में बदलना है जो बाजार में टिक सकें और कमाई का जरिया बन सके।
कृषि व्यवसाय (एग्रीबिज़नेस) गतिविधियों के एक व्यापक क्षेत्र को समाहित करता है, जिसमें बीज एवं कृषि रसायन आपूर्ति, कृषि उपकरण निर्माण, कृषि उत्पादन, कटाई उपरांत प्रबंधन, खाद्य एवं कृषि प्रसंस्करण, कोल्ड चेन लॉजिस्टिक्स, कृषि वित्त एवं बीमा, कृषि उत्पादों का निर्यात तथा उभरते हुए कृषि प्रौद्योगिकी (AgTech) स्टार्टअप शामिल हैं। इस प्रकार कृषि व्यवसाय केवल अर्थव्यवस्था का एक क्षेत्र नहीं है, बल्कि कृषि को देखने का एक ऐसा दृष्टिकोण भी है जो व्यावसायिक व्यवहार्यता, मूल्य संवर्धन और बाजार एकीकरण पर बल देता है।
कच्चे कृषि उत्पादों को प्रसंस्कृत, ब्रांडेड और बाजार-उन्मुख उत्पादों में परिवर्तित करने की प्रक्रिया किसानों के लिए आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकती है तथा ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी अर्थव्यवस्थाओं में रोजगार सृजन कर सकती है। उदाहरण के लिए, सोयाबीन को टोफू, सोया मिल्क या सोया आटा में प्रसंस्कृत करने से उसके कच्चे उत्पाद की तुलना में तीन से पाँच गुना अधिक मूल्य प्राप्त होता है। कृषि व्यवसाय के इसी आय-वृद्धिकारी आयाम में इनक्यूबेशन समर्थन की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण हो जाती है।
क्यों खास है कृषि क्षेत्र –
कृषि क्षेत्र सामान्य स्टार्टअप से अलग है। यहां मौसम, मिट्टी, फसल चक्र, भंडारण, खराब होने की आशंका और बाजार भाव जैसे जोखिम बहुत अधिक होते हैं। कई बार एक अच्छा उत्पाद भी इसलिए असफल हो जाता है क्योंकि उसे सही प्रोसेसिंग, पैकेजिंग या खरीदार नहीं मिलते।
इसीलिए कृषि व्यवसाय उद्भवन केंद्र सिर्फ सलाह देने वाली संस्था नहीं होते, बल्कि वे जोखिम घटाने वाला तंत्र भी बनते हैं। वे उद्यमी को “ट्रायल और एरर” के दौर में सुरक्षित माहौल देते हैं, ताकि वह बड़े निवेश से पहले तकनीक और बिज़नेस मॉडल को परख सके। कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन के अंतर्गत निम्न क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाता है – कृषि यंत्रीकरण, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक कृषि, जैव उर्वरक एवं जैव कीटनाशक, प्रिसिजन फार्मिंग, ड्रोन आधारित कृषि सेवाएँ, कृषि अपशिष्ट प्रबंधन, मूल्य संवर्धन एवं कृषि विपणन, पशुपालन, मत्स्यपालन एवं अन्य संबद्ध क्षेत्र।
भारत में इसका बढ़ता नेटवर्क –
भारत सरकार ने कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और संस्थानों के माध्यम से कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन को प्रोत्साहित किया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (भा.कृ.अनु.प.), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों ने देशभर में एग्री-बिजनेस इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित किए हैं।
भा.कृ.अनु.प. के नेशनल एग्रीकल्चरल इनोवेशन फंड के तहत लगभग 50 कृषि व्यवसाय उद्भवन केंद्र (Agri Business Incubation Centres) स्थापित किए गए हैं, जो भा.कृ.अनु.प. संस्थानों, राज्य कृषि विश्वविद्यालयों और केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालयों में काम कर रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना-रफ़्तार एग्री बिजनेस इनक्यूबेटर (आर-एबीआई), अटल नवाचार मिशन, नाबार्ड की ग्रामीण नवाचार वित्तपोषण और राज्य-स्तरीय योजनाएं भी कृषि-स्टार्टअप को सहारा देती हैं। इसका मतलब यह है कि अब नवाचार को सिर्फ प्रयोगशाला में नहीं, बल्कि खेत, फैक्ट्री, प्रोसेसिंग यूनिट और बाजार तक पहुचाने की पूरी तैयारी है।
कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन के माध्यम से किसान अपनी आय कैसे बढ़ा सकते हैं –
कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन किसानों को केवल उत्पादक नहीं बल्कि उद्यमी बनने की दिशा में प्रेरित करता है। किसान अनेक तरीकों से अपनी आय बढ़ा सकते हैं जैसे—
- मूल्य संवर्धन (Value Addition) – कच्चे कृषि उत्पाद बेचने के बजाय उनका प्रसंस्करण कर अधिक मूल्य प्राप्त किया जा सकता है। उदाहरण के लिए गेहूँ से आटा, टमाटर से सॉस तथा फल से जैम बनाकर बेचना।
- कृषि अपशिष्ट का उपयोग – फसल अवशेषों से बायोचार, कम्पोस्ट, मशरूम उत्पादन या बायोएनर्जी जैसे व्यवसाय विकसित किए जा सकते हैं।
- कृषि यंत्र सेवा केंद्र – किसान कृषि यंत्रों की कस्टम हायरिंग सेवा शुरू कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
- जैविक एवं प्राकृतिक कृषि उत्पाद – प्रमाणित जैविक उत्पादों की बाजार में अधिक मांग एवं बेहतर मूल्य प्राप्त होता है।
- किसान उत्पादक संगठन (FPO) – इनक्यूबेशन के माध्यम से किसान समूह बनाकर सामूहिक उत्पादन एवं विपणन कर सकते हैं, जिससे लागत घटती है और लाभ बढ़ता है।
- कृषि स्टार्टअप की स्थापना – किसान ड्रोन सेवाएँ, मिट्टी परीक्षण, फार्म सलाहकार सेवाएँ, बीज उत्पादन तथा कृषि ई-कॉमर्स जैसे व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं।
कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन का एक सफल उदाहरण –
भा.कृ.अनु.प. – केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान (ICAR-CIAE), भोपाल देश के प्रमुख कृषि अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थानों में से एक है। संस्थान का कृषि व्यवसाय उद्भवन केंद्र कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में नवाचारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
इनक्यूबेशन केंद्र द्वारा उद्यमियों, किसानों और स्टार्टअप्स को कई प्रकार की सहायता प्रदान की जाती है जैसे – तकनीकी परामर्श एवं मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप विकास सहायता, उद्यमिता प्रशिक्षण, उत्पाद परीक्षण एवं प्रमाणीकरण, बौद्धिक संपदा (IPR) संबंधी सहायता, निवेशकों एवं उद्योगों से संपर्क, कृषि यंत्रीकरण एवं कृषि प्रसंस्करण आधारित स्टार्टअप्स को सहयोग। संस्थान के माध्यम से अनेक नवाचार बाजार तक पहुँच चुके हैं, जिससे कृषि क्षेत्र में रोजगार सृजन, तकनीकी प्रसार तथा किसानों की आय वृद्धि में योगदान मिला है। केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान का इन्क्यूबेशन पोर्टफोलियो काफी विविध है। इसमें सोयाबीन आधारित उत्पाद, नवाचारयुक्त बेकरी प्रोडक्ट, बायोमास ऊर्जा, बायोचार, कवर्ड कल्टिवेशन आधारित नर्सरी रेजिंग, मल्टी-फीड प्लांट, केला-आधारित प्रोसेसिंग, और अनाज, दाले, मोटा अनाज एवं तिलहन प्रसंस्करण व्यवसाय संबन्धित ट्रेनिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यह विविधता दिखाती है कि कृषि उद्यमिता को एक नए स्तर पर प्रेशित करती है, जो की बीज, पौध, दूध, प्रोसेस्ड फूड, पशु आहार, कृषि अवशेष और जैव-ऊर्जा – सब में कमाई की संभावनाओं को प्रस्तुत करती हैं।
भविष्य की दिशा –
आने वाले समय में भारत की कृषि का भविष्य सिर्फ उत्पादन बढ़ाने में नहीं, बल्कि मूल्य संवर्धन जोड़ने में है। अगर किसान, वैज्ञानिक, स्टार्टअप, सरकार और बाजार एक साथ काम करें, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आ सकता है।
एग्रीबिज़नेस इन्क्यूबेशन इस बदलाव की सबसे उपयोगी कड़ी है। यह छोटे किसान को निर्माता से उद्यमी और उद्यमी से नवप्रवर्तक बनाने की क्षमता रखता है। यही कारण है कि इसे खेती का “नया औद्योगिक मॉडल” कहा जा सकता है—ऐसा मॉडल जो गांव में रोजगार, युवाओं में आत्मविश्वास और किसानों में बेहतर आय दिलाना सुनिश्चित करवाती है।
निष्कर्ष –
एग्रीबिज़नेस इन्क्यूबेशन भारत की कृषि व्यवस्था को जीविकोपार्जन के साधन से आगे बढ़ाकर एक लाभकारी एवं टिकाऊ उद्यम में परिवर्तित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इन्क्यूबेशन केंद्र ऐसे सशक्त मंच के रूप में कार्य करते हैं, जहाँ विज्ञान, प्रशिक्षण, उन्नत प्रौद्योगिकियाँ और बाजार-संपर्क का समन्वय होता है। इसके माध्यम से कृषि एवं उससे संबद्ध क्षेत्रों में नवाचार-आधारित उद्यमों को आवश्यक मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर प्राप्त होते हैं, जिससे वे तीव्र गति से विकसित होकर किसानों तथा ग्रामीण युवाओं के लिए आय और रोजगार के नए द्वार खोलते हैं।
एग्रीबिज़नेस इन्क्यूबेशन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सिर्फ उत्पादन नहीं बढ़ाता, बल्कि आय, रोजगार, नवाचार एवं पर्यावरणीय स्थिरता—चारों को साथ लेकर चलता है और किसानो एवं युवाओ को स्वयं के रोजगार का अवसार प्रदान करता है। सभी उपलब्ध अवसरों और सहयोग के साथ, कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन भारतीय कृषि को मज़बूत बना सकता है जिससे देश ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्यों को प्राप्त कर सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

