2 एकड़ में कपास से 1.8 लाख का मुनाफा, सुनील हुनकर की HDPS खेती बनी किसानों के लिए मिसाल
09 मई 2026, भोपाल: 2 एकड़ में कपास से 1.8 लाख का मुनाफा, सुनील हुनकर की HDPS खेती बनी किसानों के लिए मिसाल – मध्यप्रदेश के पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम टेम्नीकला के प्रगतिशील किसान सुनील हुनकर ने कृषि विभाग के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने अपने 2 एकड़ खेत में एचडीपीएस (HDPS) पद्धति से कपास की खेती की, जिससे उन्हें कम लागत में बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा प्राप्त हुआ है। उनकी यह सफलता अब क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है।
पहले सुनील हुनकर पारंपरिक विधि से कपास की खेती करते थे, जिसमें लागत अधिक और उत्पादन अपेक्षाकृत कम मिलता था। इससे उन्हें कई बार आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता था। लेकिन इस बार उन्होंने कृषि विभाग की सलाह पर वैज्ञानिक तरीके से HDPS पद्धति अपनाई, जिससे खेती का पूरा मॉडल ही बदल गया। मात्र 50 हजार रुपये की लागत में उन्होंने 2 एकड़ में कपास की बुवाई की।
कम लागत में बेहतर उत्पादन
नई तकनीक के अनुसार खेती करने पर किसान को प्रति एकड़ लगभग 15 क्विंटल कपास का उत्पादन प्राप्त हुआ। कुल मिलाकर 2 एकड़ से लगभग 30 से 32 क्विंटल कपास का उत्पादन मिला। इससे उन्हें लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये की कुल आय प्राप्त हुई, जबकि सभी खर्च घटाने के बाद लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
तकनीक से बदली खेती की तस्वीर
HDPS (High Density Planting System) पद्धति में पौधों की अधिक संख्या और वैज्ञानिक प्रबंधन के कारण उत्पादन क्षमता बढ़ जाती है। सुनील हुनकर ने बताया कि इस तकनीक से न केवल उत्पादन बढ़ा, बल्कि कीट प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था भी अधिक प्रभावी रही, जिससे लागत में कमी आई।
सफलता से उत्साहित किसान सुनील हुनकर ने कहा कि आगामी वर्ष वे और अधिक क्षेत्र में इसी पद्धति से कपास की खेती करेंगे। उन्हें विश्वास है कि यह तकनीक किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कृषि विभाग ने की सराहना
उपसंचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह ने किसान के इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि HDPS पद्धति किसानों के लिए एक लाभकारी मॉडल है। उन्होंने जिले के अन्य कपास उत्पादक किसानों से भी इस तकनीक को अपनाने की अपील की, ताकि वे भी कम लागत में अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ प्राप्त कर सकें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

