हरियाणा में जैविक खाद पर 80 प्रतिशत सब्सिडी, पंजीयन जरूरी
हरियाणा में जैविक खाद पर 80 प्रतिशत सब्सिडी, मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
16 नवंबर 2026, चंडीगढ़: हरियाणा में जैविक खाद पर 80 प्रतिशत सब्सिडी, पंजीयन जरूरी – हरियाणा सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जैविक खाद यानी वर्मीकम्पोस्ट की खरीद पर किसानों को 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी देगी। यह सब्सिडी उन किसानों को मिलेगी जो राज्य सरकार के ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकृत हैं।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने चंडीगढ़ में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही जैविक खाद बेचने वाले डीलरों के लाइसेंस लेने की प्रक्रिया भी आसान की जा रही है, ताकि ज्यादा दुकानदार इन उत्पादों को बेचने के लिए आगे आएं।
किन उत्पादों पर मिलेगी छूट
सब्सिडी और लाइसेंस में छूट का फायदा फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर, लिक्विड फर्मेंटेड ऑर्गेनिक मैन्योर और फॉस्फेट-रिच ऑर्गेनिक मैन्योर जैसे जैविक खाद उत्पादों पर मिलेगा। डीलर अब 5 किलोग्राम तक के छोटे पैकेट में भी यह खाद बेच सकेंगे, जिससे छोटे किसानों के लिए इसे खरीदना आसान होगा। डीलरों के लिए स्टॉक रखने की सीमा 10 मीट्रिक टन तय की गई है।
मंत्री राणा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य रासायनिक खादों पर किसानों की निर्भरता कम करना और जैविक तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। इसी कड़ी में चरखी दादरी जिले में 23 अक्टूबर को हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के लिए फसल क्षति पंजीयन पोर्टल भी फिर से खोला गया था।
चरखी दादरी की उपायुक्त मंदीप कौर के मुताबिक जिले के 11 गांवों के किसान इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण अपने नुकसान का ब्योरा पोर्टल पर समय पर दर्ज नहीं करा पाए थे। इसे देखते हुए प्रशासन ने पंजीयन की समय सीमा 14 नवंबर तक बढ़ा दी थी, ताकि कोई भी प्रभावित किसान मुआवजे से वंचित न रह जाए।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


