भुवनेश्वर में शुरू हुआ 14वां अंतरराष्ट्रीय मत्स्य सम्मेलन, मछली पालन में AI और आधुनिक तकनीकों पर होगा मंथन; 7 देशों के 1,000 से अधिक विशेषज्ञ ले रहे हिस्सा
20 नवंबर 2026, नई दिल्ली: भुवनेश्वर में शुरू हुआ 14वां अंतरराष्ट्रीय मत्स्य सम्मेलन, मछली पालन में AI और आधुनिक तकनीकों पर होगा मंथन; 7 देशों के 1,000 से अधिक विशेषज्ञ ले रहे हिस्सा – मत्स्य पालन और जलीय कृषि के क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और आधुनिक तरीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14वां भारतीय मत्स्य एवं जलीय कृषि सम्मेलन (14 IFAF) ओडिशा के भुवनेश्वर में शुरू हो गया है। 18 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत सहित सात देशों के 1,000 से अधिक वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति निर्माता, उद्यमी और मत्स्य पालक हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में मछली पालन के विकास, उत्पादन बढ़ाने, नई तकनीकों और किसानों की आजीविका बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
यह सम्मेलन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय मीठाजल जलीय कृषि संस्थान (ICAR-CIFA), भुवनेश्वर में आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन एशियन फिशरीज सोसाइटी इंडियन ब्रांच (AFSIB), ICAR-CIFA, केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB), ओडिशा सरकार के मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास विभाग और जलकृषि विशेषज्ञ संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
विज्ञान और तकनीक से बदलेगा मत्स्य पालन का स्वरूप
सम्मेलन की थीम ‘जलीय कृषि और मत्स्य पालन में बदलाव: विज्ञान और समाज के बीच सेतु निर्माण’ रखी गई है। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक जानकारी को बढ़ावा देना, नई तकनीकों को प्रोत्साहित करना और अनुसंधानकर्ताओं, नीति निर्माताओं, उद्योग जगत तथा मत्स्य पालन से जुड़े समुदायों के बीच सहयोग मजबूत करना है। सम्मेलन का उद्घाटन बैंकॉक स्थित एशिया-प्रशांत जलीय कृषि केंद्रों के नेटवर्क (NACA) के महानिदेशक डॉ. एडुआर्डो लियानो ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जलीय कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए नवाचार और आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाने की जरूरत है।
ICAR के उप महानिदेशक (मत्स्य विज्ञान) डॉ. जे. के. जेना ने उन्नत अनुसंधान और मजबूत मूल्य श्रृंखला विकसित करने पर जोर दिया। वहीं, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी डॉ. बी. के. बेहरा ने मछुआरों की आजीविका बेहतर बनाने के लिए मत्स्य सहकारी समितियों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM), कुंडली के पूर्व कुलपति डॉ. सी. वासुदेवप्पा ने मछली की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के बीच इसकी मांग बढ़ाने पर जोर दिया।
AI, जीनोम एडिटिंग और आधुनिक तकनीकों पर होगी चर्चा
तीन दिवसीय सम्मेलन में मत्स्य पालन और जलीय कृषि से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें सतत मत्स्य प्रबंधन, जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग, जीनोम एडिटिंग, सटीक जलीय कृषि, उन्नत प्रजनन तकनीक, मछली के आहार का विकास, जलीय जीवों का स्वास्थ्य और आनुवंशिक सुधार जैसे विषय शामिल हैं। सम्मेलन में विशेषज्ञ इन तकनीकों के माध्यम से मछली उत्पादन बढ़ाने, जलीय जीवों का स्वास्थ्य सुधारने और मत्स्य पालन को अधिक टिकाऊ बनाने की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
20 एजेंसियां प्रदर्शनी में दिखा रहीं तकनीक और नवाचार
सम्मेलन के साथ एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें 20 एजेंसियां मत्स्य पालन और जलीय कृषि से संबंधित अपनी तकनीक, उत्पाद, सेवाएं और नवाचार प्रदर्शित कर रही हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से मत्स्य किसानों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक-दूसरे से संवाद करने तथा नई तकनीकों और संभावित साझेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उद्घाटन समारोह में वैज्ञानिक प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया। इसके अलावा जलीय कृषि और मत्स्य पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों को एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स के फेलो पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अनुसंधान और किसानों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर
ICAR-CIFA के निदेशक एवं सम्मेलन के संयोजक डॉ. पी. के. साहू ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने विज्ञान, उद्योग और किसानों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान के परिणामों को मत्स्य पालन से जुड़े समुदायों के लिए व्यावहारिक समाधानों में बदलना जरूरी है। सम्मेलन में अन्य विशिष्ट वक्ताओं के रूप में NACA के पूर्व महानिदेशक डॉ. ए. ई. एकनाथ, एशियन फिशरीज सोसाइटी इंडियन ब्रांच के सचिव डॉ. के. एम. राजेश, ICAR-CIFE मुंबई के पूर्व निदेशक डॉ. दिलीप कुमार और NITTE विश्वविद्यालय मंगलुरु के संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन संदर्भ केंद्र के सलाहकार डॉ. आई. करुणासागर भी शामिल हुए। इन विशेषज्ञों ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में अनुसंधान की प्रगति, नई प्राथमिकताओं और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।
इस तीन दिवसीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक ज्ञान और अनुभवों का आदान-प्रदान करना, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना और भारत में मत्स्य पालन तथा जलीय कृषि क्षेत्र के सतत, समावेशी और तकनीक आधारित विकास के लिए नए रास्ते तलाशना है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


