Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

पंजाब के किसानों के बीच पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, पराली प्रबंधन से फसल बीमा तक हर मुद्दे पर किया संवाद

25 नवंबर 2026, नई दिल्ली: पंजाब के किसानों के बीच पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, पराली प्रबंधन से फसल बीमा तक हर मुद्दे पर किया संवाद – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के तरनतारन जिले के ग्राम बूह हवेलियां में आयोजित किसान चौपाल में शामिल होकर किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खेतों के बीच किसानों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। केंद्रीय मंत्री ने पराली जलाए बिना आधुनिक तकनीकों से खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों और पंचायतों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे किसी राजनीतिक सभा के लिए नहीं, बल्कि किसानों के बीच एक सेवक के रूप में उनकी समस्याएं समझने आए हैं। साथ ही पंजाब सरकार से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया।

किसानों की सेवा ही सतगुरु की सच्ची पूजा

किसान चौपाल को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरते हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद को नेता नहीं, बल्कि किसानों का सेवक मानते हैं। गुरु नानक देव जी ने भी अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहकर सेवा करने का संदेश दिया है। मंत्री पद किसी अहंकार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए मिला है। उनके लिए किसानों की सेवा ही सतगुरु भगवान की पूजा है।

पंजाब के किसानों ने हरित क्रांति से भरे देश के अन्न भंडार

केंद्रीय मंत्री ने पंजाब के किसानों के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि जब देश में अनाज का संकट था और विदेशों से गेहूं मंगाना पड़ता था, तब पंजाब के किसानों ने हरित क्रांति के जरिए देश के अन्न भंडार भरने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, आज अत्यधिक रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल के साथ पराली जलाने से मिट्टी की सेहत प्रभावित हो रही है। इससे मित्र कीट और केंचुए भी खत्म हो रहे हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मिट्टी की उर्वरता नहीं बचाई गई, तो आने वाली पीढ़ियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने ग्राम बूह हवेलियां और आसपास के किसानों की सराहना करते हुए बताया कि यहां पिछले छह वर्षों से पराली नहीं जलाई जा रही है। किसान हैप्पी सीडर और डायरेक्ट सीडिंग जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस गांव ने देश को ‘खेत बचाओ अभियान’ की नई दिशा दिखाई है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

कृषि मशीनों की गुणवत्ता और मरम्मत व्यवस्था पर दिया जोर

किसान संवाद के दौरान प्रगतिशील किसान सरदार सुखविंदर सिंह, सरदार जतिंदर सिंह और पूर्व सरपंच सरदार गुरनाम सिंह ने पराली प्रबंधन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और बेलर मशीनों पर मिलने वाली सब्सिडी से जुड़े सुझाव रखे। शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें दिल्ली बुलाकर इस विषय पर विस्तार से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

सब्सिडी पर मिलने वाली कृषि मशीनों की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) के लिए इस वर्ष भी पंजाब सरकार को लगभग 286 करोड़ रुपये दे रही है। केंद्र की ओर से राशि उपलब्ध कराई जाती है, जबकि मशीनों की खरीद और उनकी गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने राज्य सरकार से कहा कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाली मशीनें उपलब्ध कराई जाएं और मशीन खराब होने की स्थिति में उनकी मरम्मत की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

फसल बीमा योजना लागू करने की पंजाब सरकार से अपील

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने के साथ फसल विविधीकरण पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसके अलावा किसानों को पशुपालन, मछली पालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों को खेती से जोड़कर एकीकृत कृषि प्रणाली अपनानी चाहिए।

उन्होंने पंजाब में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं होने पर चिंता जताई। चौहान ने बताया कि बाढ़ के दौरान भी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस योजना को लागू करने का आग्रह किया था, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

एमएसपी पर खरीद को लेकर किसानों को दिया भरोसा

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि धान और गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर पूरी खरीद केंद्र सरकार करती है। इसके अलावा तुअर, मसूर और उड़द जैसी दलहन फसलों की 100 प्रतिशत खरीद तथा कपास की एमएसपी पर खरीद मोदी सरकार की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार की तुलना में मौजूदा केंद्र सरकार ने किसानों की फसलों की कई गुना अधिक खरीद की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हित में एमएसपी पर खरीद की यह व्यवस्था आगे भी लगातार जारी रहेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture