Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर दिए जाएंगे गोपाल रत्न पुरस्कार, डेयरी क्षेत्र की कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

25 नवंबर 2026, नई दिल्ली: राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर दिए जाएंगे गोपाल रत्न पुरस्कार, डेयरी क्षेत्र की कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण – राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 का आयोजन 26 नवंबर को बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में किया जाएगा। मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के तहत पशुपालन और डेयरी विभाग (डीएएचडी) की ओर से आयोजित इस समारोह में डेयरी क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री श्री नंद किशोर राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे।

तीन श्रेणियों में दिए जाएंगे राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान करेंगे। यह पशुधन और डेयरी क्षेत्र के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों में से एक है। ये पुरस्कार स्वदेशी गाय और भैंस की नस्लों को बढ़ावा देने, उनके संरक्षण, डेयरी विकास को मजबूत करने और पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को दिए जाते हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे। इनमें स्वदेशी गाय और भैंस की नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान (गैर-एनईआर), सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (गैर-एनईआर) और सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति (डीसीएस), दुग्ध उत्पादक कंपनी तथा डेयरी किसान उत्पादक संगठन (गैर-एनईआर) शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर क्षेत्र (एनईआर) और हिमालयी राज्यों के विजेताओं को भी प्रत्येक श्रेणी में विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

डेयरी क्षेत्र की कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

समारोह में डेयरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इनमें राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (एनपीडीडी) के तहत डेयरी सहकारी समितियों के लिए स्वीकृत डेटा प्रोसेसिंग और दूध संग्रहण इकाइयों (डीपीएमसीयू) का वितरण शामिल है।

इसके साथ ही पटना स्थित वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर स्थित टीआईएमयूएल में मिनरल मिक्सचर प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा। समस्तीपुर स्थित मिथिला मिल्क यूनियन (एमएमयू) में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) भी शुरू किया जाएगा। इन परियोजनाओं से दूध की खरीद, गुणवत्ता जांच, पशुओं के पोषण और पर्यावरण के अनुकूल डेयरी संचालन को मजबूती मिलेगी।

पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया के 2 एलएलपीडी यानी 2 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इस संयंत्र की स्थापना पशुपालन अवसंरचना विकास कोष (एएचआईडीएफ) के तहत मिली सहायता से की गई है। इसके अलावा पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एलएचडीसीपी) के तहत स्वीकृत पशु चिकित्सा औषधि बिक्री केंद्रों के लिए प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। इससे पशु चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

डेयरी समितियों की रेटिंग के लिए ऑनलाइन पोर्टल होगा शुरू

इस अवसर पर डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों (एमपीओ) की रेटिंग एवं ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) जारी की जाएंगी। इसके साथ ही रेटिंग और ग्रेडिंग प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन वेब पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य संस्थागत क्षमता को मजबूत करना, पारदर्शिता बढ़ाना और डेयरी सहकारी समितियों एवं उत्पादक संगठनों के प्रदर्शन में सुधार करना है।

कार्यक्रम में विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु-अनुकूल रोडमैप भी लॉन्च किया जाएगा। इसमें उत्पादक, टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के विकास के लिए रणनीतिक दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।

जारी होंगे पशुपालन क्षेत्र के नए आंकड़े

समारोह में बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स (बीएएचएस) 2026 भी जारी किया जाएगा। यह प्रकाशन 1 मार्च 2025 से 28 फरवरी 2026 तक की अवधि में किए गए इंटीग्रेटेड सैंपल सर्वे पर आधारित है। इसमें दूध, अंडे, मांस और ऊन जैसे प्रमुख पशुधन उत्पादों के उत्पादन के अनुमान के साथ राज्यवार उत्पादन और प्रति व्यक्ति उपलब्धता के आंकड़े दिए गए हैं।

ये आंकड़े साक्ष्य आधारित नीति निर्माण, क्षेत्रीय योजनाएं तैयार करने और बेहतर निर्णय लेने में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।

डेयरी किसानों से संवाद और सुधा के नए उत्पादों की लॉन्चिंग

कार्यक्रम में प्रगतिशील डेयरी किसानों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसमें डेयरी किसानों के अनुभवों, बेहतर कार्यप्रणालियों, नवाचारों और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने में उनके योगदान पर चर्चा होगी। यह सत्र किसानों के बीच अनुभव और जानकारी साझा करने का मंच उपलब्ध कराएगा तथा डेयरी विकास में अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करेगा।

इस अवसर पर सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी भी लॉन्च की जाएगी। साथ ही सुधा ब्रांड के बिक्री केंद्रों की चाबियां भी सौंपी जाएंगी। इन पहलों का उद्देश्य मूल्यवर्धित डेयरी उत्पादों को बढ़ावा देना और उनके लिए बाजार की पहुंच का विस्तार करना है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 में देशभर के पशुपालक किसान, दुग्ध संघ, डेयरी सहकारी समितियां और अन्य हितधारक शामिल होंगे। यह आयोजन डेयरी किसानों और संबंधित हितधारकों के योगदान को सम्मान देने, विकास कार्यों एवं नई पहलों को प्रदर्शित करने तथा मजबूत, समावेशी और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी पशुपालन एवं डेयरी व्यवस्था बनाने के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का मंच प्रदान करेगा।

डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर मनाया जाता है राष्ट्रीय दुग्ध दिवस

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। यह दिवस भारत को दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बनाने में उनके योगदान को याद करने और सम्मान देने का अवसर है। यह आयोजन डेयरी क्षेत्र में टिकाऊ एवं समावेशी विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराने के साथ विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दर्शाता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture