भारत में तेजी से बढ़ रहा फूलों की खेती का कारोबार, 48.82 लाख टन तक पहुंचा उत्पादन
24 नवंबर 2026, नई दिल्ली: भारत में तेजी से बढ़ रहा फूलों की खेती का कारोबार, 48.82 लाख टन तक पहुंचा उत्पादन – भारत में फूलों की खेती तेजी से एक उभरते कृषि व्यवसाय के रूप में अपनी पहचान बना रही है। देश की विविध कृषि-जलवायु परिस्थितियां गुलाब, गेंदा, चमेली, गुलदाउदी, जरबेरा और ऑर्किड जैसी कई फूलों की किस्मों की खेती के लिए अनुकूल हैं। धार्मिक आयोजनों, सजावट, इत्र, सौंदर्य प्रसाधन और औषधीय उत्पादों में फूलों की बढ़ती मांग के चलते इस क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमानों के अनुसार, देश में फूलों की खेती का कुल रकबा करीब 4.1 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। इस दौरान फूलों का कुल उत्पादन 48.82 लाख टन दर्ज किया गया। इसमें खुले फूलों का उत्पादन 36.53 लाख टन और कट फ्लावर का उत्पादन 12.29 लाख टन रहा।
आंध्र प्रदेश फूल उत्पादन में सबसे आगे
फूलों के उत्पादन में आंध्र प्रदेश की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। देश के कुल उत्पादन में राज्य का योगदान करीब 31 प्रतिशत है। इसके बाद तमिलनाडु 14 प्रतिशत, मध्य प्रदेश 11 प्रतिशत, कर्नाटक 10 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल 8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ प्रमुख उत्पादक राज्यों में शामिल हैं। पूर्वोत्तर राज्यों का संयुक्त योगदान करीब 4 प्रतिशत है। असम और नागालैंड में भी फूलों की खेती को बढ़ावा मिल रहा है।
अलग-अलग राज्यों में उगाई जा रहीं फूलों की किस्में
देश के विभिन्न राज्यों में जलवायु और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार फूलों की खेती की जा रही है। कर्नाटक और महाराष्ट्र में गुलाब, जबकि तमिलनाडु और मध्य प्रदेश में गेंदे की खेती प्रमुखता से होती है। वहीं, सिक्किम और मिजोरम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में लिली और ऑर्किड की खेती की संभावनाएं हैं। इसके अलावा नियंत्रित वातावरण में जरबेरा, कार्नेशन और गुलदाउदी जैसी फूलों की किस्में भी उगाई जा रही हैं। फूलों की खेती का विस्तार किसानों के लिए आय के नए अवसर पैदा कर रहा है। घरेलू बाजार में बढ़ती मांग के साथ निर्यात की संभावनाएं भी इस क्षेत्र को एक महत्वपूर्ण कृषि व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ा रही हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


