PM Kisan 22th Installment: पीएम मोदी 13 मार्च को जारी करेंगे पीएम किसान की 22वीं किस्त, करोड़ों किसानों के खाते में आएंगे 2-2 हजार
10 मार्च 2026, नई दिल्ली: PM Kisan 22th Installment: पीएम मोदी 13 मार्च को जारी करेंगे पीएम किसान की 22वीं किस्त, करोड़ों किसानों के खाते में आएंगे 2-2 हजार – पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे देशभर के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए बड़ी खुशखबरी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च, 2026 को शाम 5 बजे असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस दिन देश के 9.32 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 2-2 हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी।
इससे पहले 19 नवंबर 2025 को पीएम नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से 21वीं किस्त जारी की थी। इस स्कीम के तहत अब तक देशभर के करोड़ों किसानों के खातों में कुल 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
पीएम किसान योजना का उद्देश्य
PM Kisan योजना के तहत केंद्र सरकार हर साल किसानों को कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की जाती है। योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती-किसानी से जुड़ी छोटी-मोटी लागतों में उनका सहारा बनना है। इस योजना से किसानों को खेती के लिए बीज, उर्वरक, कीटनाशक और अन्य इनपुट खरीदने में मदद मिलती है और उन्हें कर्ज लेने की आवश्यकता कम होती है।
ई-केवाईसी और लाभार्थियों की जानकारी
योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी ई-केवाईसी पूरी है और उनका नाम लाभार्थी सूची में शामिल है। अपने आवेदन की स्थिति और किस्त की जानकारी जानने के लिए किसान PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in
पर जाकर ‘Know Your Status’ विकल्प में अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज कर सकते हैं।
यदि किसी किसान को अपने विवरण में बदलाव या अपडेट करने की आवश्यकता है, तो वह वेबसाइट पर उपलब्ध संबंधित विकल्प के माध्यम से अपनी जानकारी अपडेट कर सकता है।
प्रधानमंत्री का संवाद और किसान लाभ
13 मार्च को होने वाले कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों से संवाद भी कर सकते हैं और कृषि से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी चर्चा कर सकते हैं। इससे किसानों को न केवल वित्तीय मदद मिलेगी, बल्कि वे केंद्र सरकार की कृषि नीतियों और योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
यह योजना किसानों के लिए विश्वसनीय और भरोसेमंद आर्थिक सहारा बन चुकी है, जो उन्हें खेती के छोटे-छोटे खर्चों में मदद करती है और उनकी आमदनी बढ़ाने में सहायक है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

