IMD का अलर्ट: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र, 7 सितंबर तक कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार
02 सितम्बर 2025, नई दिल्ली: IMD का अलर्ट: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र, 7 सितंबर तक कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार – देश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन चुका है, जो अगले 24 घंटों में और अधिक प्रभावशाली होने की संभावना है। इसके असर से आगामी दो दिनों में उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रह सकती है। आज, 2 सितंबर 2025 को, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश (≥21 सेमी) की संभावना है। वहीं, कोंकण, गोवा, गुजरात, और मध्य महाराष्ट्र में भी 2 से 6 सितंबर के बीच भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटे में वर्षा का हाल (02 सितंबर सुबह 08:30 IST तक)
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश (≥21 सेमी) दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और गंगीय पश्चिम बंगाल में बहुत भारी वर्षा (12-20 सेमी) हुई।
जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, अंडमान-निकोबार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम, झारखंड, मणिपुर, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी वर्षा (7-11 सेमी) रिकॉर्ड की गई।
मौसम की प्रमुख परिस्थितियाँ
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब ओडिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में और अधिक मजबूत हो सकता है। दक्षिण हरियाणा में ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। उत्तर कश्मीर से मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत के ऊपरी वायुमंडल में 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय है।
उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम पूर्वानुमान
2 से 8 सितंबर के दौरान उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 2 सितंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी राजस्थान में भी 2 से 6 सितंबर तक मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियाँ बनी रहेंगी। पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।
पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?
कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 2 से 7 सितंबर तक भारी बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना है। गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और कच्छ में 4 से 7 सितंबर के बीच अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत में झमाझम बारिश का दौर जाली
आज, 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। 2 से 5 सितंबर के बीच पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और गंगीय पश्चिम बंगाल में भारी बारिश जारी रहेगी। झारखंड और बिहार में भी अलग-अलग स्थानों पर 2 से 8 सितंबर तक वर्षा संभावित है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं।
दक्षिण भारत में जोरदार बारिश के आसार
2 से 4 सितंबर तक केरल, माहे, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में भारी वर्षा हो सकती है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी आज वर्षा की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पूरे दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली और एनसीआर का मौसम पूर्वानुमान (02–05 सितंबर 2025)
दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और मौसम सुहावना बना रहेगा। 2 सितंबर को आसमान में पूरी तरह बादल छाए रहेंगे। दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जो सामान्य से 3 से 5 डिग्री कम होगा।
3 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 32–34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22–24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 4 सितंबर को मौसम में ज़्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 5 सितंबर को आसमान फिर से मेघाच्छन्न रहेगा और एक-दो बार बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और अधिकतम तापमान 32–34 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 23–25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, टेलीग्राम, व्हाट्सएप्प)
(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)
कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:
www.krishakjagat.org/kj_epaper/
कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: