राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

किसानों की फसल खराब होने पर FIR दर्ज, शिवराज सिंह ने राज्यों को लाइसेंस निलंबन के दिए निर्देश

20 अगस्त 2025, नई दिल्ली: किसानों की फसल खराब होने पर FIR दर्ज, शिवराज सिंह ने राज्यों को लाइसेंस निलंबन के दिए निर्देश – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कृषि भवन, नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के विभिन्न पोर्टल और कॉल सेंटर पर आने वाली किसानों की शिकायतों की समीक्षा की।

इस बैठक में केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि योजनाओं का निर्माण जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका सही तरीके से लागू होना भी है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की जो समस्याएं पोर्टल्स और कॉल सेंटर के जरिए मिल रही हैं, उनका समय पर और उचित समाधान जरूरी है।

Advertisement
Advertisement

किसानों की शिकायतों के समाधान के लिए मजबूत व्यवस्था पर ज़ोर

श्री चौहान ने कहा कि व्यवस्था इतनी मजबूत होनी चाहिए कि जब किसान भाई-बहन हमसे संपर्क करें, तो उन्हें यह भरोसा हो कि उनकी समस्या का समाधान जरूर होगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर कोई व्यवस्था सिर्फ दिखावे के लिए हो और उसका सही उपयोग न हो, तो उसकी कोई उपयोगिता नहीं रहती।

इसलिए, उन्होंने कहा कि व्यवस्था को और आसान और मजबूत बनाया जाए, ताकि किसान पूरी तरह से लाभ उठा सकें और उनकी समस्याओं का हर तरह से समाधान हो सके।

Advertisement8
Advertisement

पीएम किसान पोर्टल, ई-मित्र और कॉल सेंटर की समीक्षा

बैठक में मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पी.एम. किसान पोर्टल, किसान ई-मित्र, किसान कॉल सेंटर सहित सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से मिल रही किसानों की शिकायतों की विस्तार से जानकारी ली।

Advertisement8
Advertisement

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन शिकायतों का समाधान कैसे किया जा रहा है, इसकी वह अगले सप्ताह दोबारा समीक्षा करेंगे। शिवराज सिंह ने यह भी कहा कि वे समय-समय पर खुद किसानों से बात करके यह जानेंगे कि उनकी समस्या का हल हुआ है या नहीं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्होंने ऐसी एक मजबूत व्यवस्था बनाई थी, जिससे किसानों को काफी फायदा हुआ। उन्होंने दोहराया कि समस्या का तुरंत और सही समाधान ही किसानों का भरोसा कायम कर सकता है। और यही किसानों की संतुष्टि को सुनिश्चित करने का रास्ता है।

फील्ड में जाकर किसानों से किया संवाद

श्री चौहान लगातार फील्ड में जाकर किसानों से मिल रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और तुरंत हल करने के निर्देश दे रहे हैं। देशभर में चल रहे “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के दौरान भी उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी बातों को गंभीरता से लिया।

कई किसानों ने उन्हें बताया कि उन्हें नकली खाद, बीज और कीटनाशकों की समस्या झेलनी पड़ रही है। इस पर श्री चौहान ने सख्त रवैया अपनाया और कहा कि इस तरह की धोखाधड़ी रोकने के लिए कड़े कानून बनाए जाएंगे।

एफआईआर दर्ज, लाइसेंस निलंबन की सिफारिश

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक किसान की फसल एक खराब दवाई के कारण पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। इस मामले में शिवराज सिंह खुद मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। इसके बाद एफआईआर दर्ज करवाई गई और केंद्र सरकार के कृषि विभाग ने राज्य सरकार से उस कंपनी का लाइसेंस निलंबित करने को कहा है।

Advertisement8
Advertisement

आकस्मिक छापेमारी और सख्त निर्देश

श्री चौहान ने अधिकारियों को नकली उत्पाद बेचने वालों पर आकस्मिक छापेमारी के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग किसानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने किसानों से अपील की है कि वे अगर किसी भी समस्या का सामना कर रहे हों, तो किसान कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1800-180-1551 पर जरूर संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में चर्चा और सुझाव

इस बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी भी मौजूद थे। उन्होंने मंत्री को विस्तार से जानकारी दी और जरूरी सुझाव भी दिए। इसके अलावा, कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.global-agriculture.com

Advertisements
Advertisement5
Advertisement