Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

खाद्यान्न का होगा बंपर उत्पादन

हो सकती है भण्डारण की समस्या

नई दिल्ली। चालू फसल वर्ष में खाद्यान्नों का रिकार्ड उत्पादन होने का अनुमान है। कृषि मंत्रालय द्वारा जारी दूसरे अग्रिम उत्पादन अनुमान के मुताबिक इस वर्ष 2919.5 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन होने की संभावना है इसमें प्रमुख रबी फसल गेहूं का उत्पादन 1062 लाख टन होने का अनुमान लगाया गया है। इस बंपर फसल उत्पादन अनुमान के बीच भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के सामने भण्डारण की समस्या पैदा हो सकती है जिसके लिए उन्हें तैयार रहना होगा। पहले से भरे पड़े गोदामों को खाली कर रिक्त स्थान बनाना होगा जिससे नया भण्डारण किया जा सके।

सरकार के लिए 2020-21 में नए गेहूं की आवक के लिए भंडारण स्थान की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। आंकड़ों में दिखाया गया है कि जुलाई 2019 से शुरू फसल वर्ष 2019-20 में गेहूं का अनुमानित उत्पादन 2018-19 से 26.1 लाख टन और इस वर्ष के लक्ष्य से 57.1 लाख टन से अधिक है।

अगर बीते वर्षों की तरह यह मानकर चलते हैं कि एफसीआई और राज्य एजेंसियां गेहूं के इस भारी उत्पादन में से करीब 30 से 35 फीसदी खरीदारी करती हैं तो पहले से मौजूद स्टॉक में 280 से 370 लाख टन का इजाफा होगा। इससे एफसीआई की पहले से ही कमजोर वित्तीय स्थिति पर और दबाव बढ़ेगा। आंकड़े के मुताबिक केंद्रीय भंडार में खाद्यान्न (गेहूं एवं चावल) का कुल स्टॉक गत 7 फरवरी 2020 को करीब 578.1 लाख टन अनुमानित था। इसमें गेहूं का स्टॉक 303.6 लाख टन अनुमानित था, जो जरूरत से 124 फीसदी अधिक है। वहीं चावल का स्टॉक 274.1 लाख टन अनुमानित है, जो हर साल 1 जनवरी को जरूरी स्टॉक से 260 फीसदी अधिक है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

इस बीच दूसरे अग्रिम अनुमानों के अनुसार रबी की अन्य प्रमुख फसलों में चने का उत्पादन 112.2 लाख टन अनुमानित है, जो पिछले साल से 12.80 फीसदी अधिक है। रबी सीजन में उगाई जाने वाली सबसे बड़ी तिलहन फसल सरसों का उत्पादन मामूली गिरकर 91.1 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल से 1.54 फीसदी कम है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

दूसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक रबी सीजन के सभी खाद्यान्नों का कुल उत्पादन 1,496 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल से 4.10 फीसदी अधिक है।

देश में रबी और खरीफ दोनों फसलों का उत्पादन 2019-20 में 2919.5 लाख टन रहने का अनुमान है, जो 2018-19 के मुकाबले 2.36 फीसदी अधिक है। सरकार ने दूसरे अग्रिम अनुमानों में खरीफ सीजन 2019-20 में दलहन के उत्पादन का अनुमान भी पहले अग्रिम अनुमान के मुकाबले घटाया है। पहला अग्रिम अनुमान पिछले साल सितंबर में जारी किया गया था। दूसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक खरीफ सीजन 2019-20 में दलहन का उत्पादन 79.2 लाख टन अनुमानित है, जो पहले अग्रिम अनुमान 82.3 लाख टन से कम है। इसकी वजह यह है कि अब उड़द उत्पादन का अनुमान 17.2 लाख टन कर दिया गया है।

दूसरा अग्रिम उत्पादन अनुमान (मिलियन टन में)
फसल                        उत्पादन
खाद्यान्न                    291.95
चावल                       117.47
गेहूं                           106.21
मोटे अनाज               45.24
दलहन                      23.02
तिलहन                    34.19
कपास (गांठ)            34.89
गन्ना                       353.85